उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना झा कौन? 31 साल बाद गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप

KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर उदित नारायण एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार आरोप किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने लगाए हैं। रंजना ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया था।

महिला थाने में दर्ज हुई शिकायत

रंजना नारायण झा ने बिहार के सुपौल महिला थाने में 10 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, 1996 में इलाज के बहाने उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका ऑपरेशन कराया गया। रंजना का आरोप है कि इस पूरे मामले में उदित नारायण के दो भाई और उनकी दूसरी पत्नी दीपा भी शामिल थे।

रंजना का कहना है कि उन्हें हाल ही में एक अन्य बीमारी के इलाज के दौरान पता चला कि उनका गर्भाशय पहले ही निकाला जा चुका है। इस खुलासे के बाद उन्होंने कानूनी कदम उठाने का फैसला किया।

कौन हैं रंजना नारायण झा?

रंजना बिहार के सुपौल जिले के बलुआ बाजार की रहने वाली हैं। उन्होंने उदित नारायण से उस समय शादी की थी जब वह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। शादी के बाद दोनों कुछ समय तक बिहार में साथ रहे, लेकिन बाद में उदित मुंबई चले गए।

बताया जाता है कि 1985 में उदित नारायण ने रंजना को तलाक दिए बिना दीपा से शादी कर ली थी। दीपा से उन्हें एक बेटा आदित्य नारायण है, जो आज इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम है।

रंजना अब 61 वर्ष की हैं और बिहार में अकेले रह रही हैं। उनका उदित से कोई संतान नहीं है।

पहले भी हो चुका है कानूनी विवाद

यह पहला मौका नहीं है जब रंजना ने उदित नारायण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की हो। इससे पहले उन्होंने गुजारा भत्ता (मेंटेनेंस) की मांग को लेकर केस दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें बेघर कर दिया गया और आर्थिक रूप से असहाय छोड़ दिया गया।

सुपौल फैमिली कोर्ट में इस मामले की सुनवाई के दौरान शुरुआत में उदित नारायण ने समझौते से इनकार किया था, लेकिन बाद में मेंटेनेंस देने के लिए सहमत हो गए थे। रंजना ने यह भी आरोप लगाया था कि नेपाल में एक संपत्ति बेचने से मिले 18 लाख रुपये उन्हें नहीं दिए गए। रंजना खुद को उदित नारायण की कानूनी पत्नी बताते हुए अपने अधिकारों की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि खराब होती सेहत के कारण वह अपने पति के साथ रहना चाहती हैं और उन्हें उनका वैवाहिक अधिकार मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *