“आइए समय को बदलें”… ‘अस्सी’ से पहले तापसी पन्नू की भावुक अपील

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर में तापसी एक गंभीर और सशक्त किरदार में नजर आईं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब फिल्म की रिलीज से पहले एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और लंबा नोट साझा कर फैंस से खास अपील की है।

तापसी की अपील: अच्छी फिल्मों को दें समर्थन

तापसी पन्नू ने अपने पोस्ट में लिखा कि हिंदी सिनेमा में जमीनी सच्चाई पर आधारित फिल्में बनती हैं, लेकिन उन्हें दर्शकों के समर्थन की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि जब निर्माता और पूरी टीम किसी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए मेहनत करती है, तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी लिखा कि अगर भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर मुकाबला करना है, तो हमें अपनी सच्ची और ईमानदार कहानियों का साथ देना होगा।

https://www.instagram.com/p/DUpWv_TiKMb/?

“चुप रहना भी एक नुकसान है”

तापसी ने आगे कहा कि अब सिर्फ फिल्म बना देने से काम नहीं चलता, दर्शकों का सक्रिय समर्थन जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अच्छी फिल्मों को सराहना और दर्शक नहीं मिलेंगे, तो भविष्य में ऐसी कहानियां बनना कम हो सकती हैं।

एक्ट्रेस ने लिखा कि समाज अच्छी फिल्मों से इसलिए वंचित नहीं होगा कि उनकी आलोचना की गई, बल्कि इसलिए कि जब समर्थन की जरूरत थी तब लोग चुप रहे।

खास स्क्रीनिंग से होगी शुरुआत

तापसी ने बताया कि फिल्म की आधिकारिक रिलीज से पहले अलग-अलग शहरों में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने इसे दर्शकों के भरोसे और प्यार की शुरुआत बताया। पोस्ट के साथ तापसी ने थिएटर से अपनी कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

फिल्म ‘अस्सी’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर में दिखाए गए गंभीर विषय और तापसी के दमदार अभिनय को देखते हुए दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *