अंबालाः नशे में धुत पुलिसकर्मी ने छीन ली 22 साल की निकिता की जिंदगी, हादसे के बाद लोगों में उबाल

शिव शंकर सविता- हरियाणा के अंबाला शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। 22 साल की निकिता, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए घर से निकली थी, अब इस दुनिया में नहीं रही। आरोप है कि नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने तेज रफ्तार कार से पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरी निकिता को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही निकिता ने दम तोड़ दिया। यह दर्दनाक घटना अंबाला के काली पलटन पुल के नजदीक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मी की कार तेज रफ्तार में थी। ई-रिक्शा चालक रविंदर सिंह ने बताया कि वह बस अड्डे से चार सवारियां लेकर आ रहा था। दो सवारियां मॉडल टाउन और दो जर्नैली की थीं। जैसे ही उनका ई-रिक्शा पुल पार कर रहा था, पीछे से तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा उछल गया और उसमें बैठी निकिता सड़क पर गिर पड़ी।

ब्रेक लगाने की बजाय चढ़ा दी कार

लेकिन दर्दनाक मंजर यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि कार चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गाड़ी सीधे निकिता के ऊपर चढ़ा दी। चश्मदीदों का कहना है कि चालक पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ था और वह नशे की हालत में था। लोगों ने किसी तरह उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। निकिता गुरुग्राम में नौकरी करती थी। उसका भाई बताता है कि वह अपने भाई के साथ दिल्ली जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। परिवार का कहना है कि एक लापरवाह पुलिस अधिकारी की वजह से उनकी हंसती-मुस्कराती बेटी हमेशा के लिए उनसे दूर हो गई। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बेसुध हो रही है, भाई बार-बार यही पूछ रहा है “मेरी बहन ने क्या गलती की थी?”

सौ की स्पीड से दौड़ रही थी कार- ई रिक्शा चालक

हादसे के बाद अंबाला के सिविल अस्पताल में भारी हंगामा हुआ। गुस्साए लोगों और परिजनों ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अगर आम आदमी होता तो अब तक गिरफ्तारी और बयान दोनों हो चुके होते, लेकिन चूंकि आरोपी पुलिसकर्मी है, इसलिए चुप्पी साधी जा रही है। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने अस्पताल के चैनल गेट बंद कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। ई-रिक्शा चालक रविंदर सिंह की आंखों में अभी भी वह खौफनाक मंजर ताजा है। वह कहता है, “कार सौ की स्पीड से आई थी। टक्कर के बाद लड़की सड़क पर गिरी तो पुलिस वाले ने उसे कुचल दिया। वह इतना नशे में था कि गाड़ी रुक ही नहीं रही थी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *