अलीगढ़ः 10 महीने पहले दामाद संग फरार हुई थी महिला, अब बहनोई के साथ गायब, साथ में ले गई 2 लाख कैश और लाखों के जेवर

शिव शंकर सविता- करीब 10 महीने पहले अपने होने वाले दामाद के साथ घर छोड़कर जाने वाली महिला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार आरोप है कि वह अपने बहनोई के साथ फरार हो गई है। मामले को लेकर दामाद ने दादों थाने में शिकायत दी है, हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना बिहार के सीतामढ़ी जिले की है, इसलिए स्थानीय स्तर पर कार्रवाई संभव नहीं है। मडराक क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 38 वर्षीय महिला अप्रैल 2025 में अपनी बेटी के होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हो गई थी। उस समय यह मामला काफी चर्चित रहा था। 16 अप्रैल को बेटी की शादी तय थी, लेकिन उससे पहले 6 अप्रैल को महिला 20 वर्षीय राहुल के साथ चली गई थी। कुछ दिन बाद दोनों वापस लौटे, मगर काउंसिलिंग के बाद महिला ने दामाद के साथ ही रहने का फैसला किया। इसके बाद दोनों बिहार के सीतामढ़ी जिले में रहने लगे, जहां राहुल कपड़े का कारोबार करने लगा।

कुछ दिनों से बच्चों संग बहनोई के साथ थी संपर्क में

राहुल का आरोप है कि बीते कुछ दिनों से महिला अपने बच्चों, बहन और बहनोई के संपर्क में थी। यहां तक कि बहन की ओर से उसे धमकी भी मिली थी, लेकिन बाद में बातचीत से मामला शांत हो गया। राहुल के अनुसार, 6 फरवरी को वह काम पर गया हुआ था, तभी गंगीरी क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला उसका बहनोई घर पहुंचा और महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि महिला अपने साथ करीब दो लाख रुपये नकद और जेवरात भी ले गई है। राहुल ने पहले सीतामढ़ी पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई ठोस मदद नहीं मिलने पर वह दादों थाने पहुंचा। दादों थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी ने बताया कि मामला नेपाल बॉर्डर के पास स्थित सीतामढ़ी जिले का है, इसलिए वहीं की पुलिस को कार्रवाई करनी होगी।

ग्रामीणों में हो रही तरह-तरह की चर्चाएं

इधर, ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। महिला के दो बच्चे हैं एक बेटी, जिसकी शादी होने वाली थी, और एक बेटा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद उसके पति ने भी करीब 15 दिन पहले दूसरी शादी कर ली है। गौरतलब है कि महिला ने पहले आरोप लगाया था कि उसका पति नशे में मारपीट करता था और पैसों के लिए परेशान करता था। दामाद से बातचीत पर शक किए जाने से तंग आकर उसने घर छोड़ा था। अब बहनोई के साथ फिर से लापता होने के बाद यह मामला दोबारा चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *