KNEWS DESK- बांग्लादेश में 12 फरवरी, 2026 को एक ऐतिहासिक संसदीय चुनाव और साथ में जनमत संग्रह (रेफरेंडम) एक ही दिन में आज आयोजित हो रहा है। वोटिंग सुबह 7:30 बजे से शुरू हो चुकी है जो शाम 4:30 बजे तक चलेगी, जिसमें देश की जनता 299 संसदीय सीटों पर अपना वोट डाल रही है।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और जमात-ए-इस्लामी जैसे विपक्षी गठबंधनों के बीच है, क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी, अवामी लीग पर पाबंदी लगने के बाद वह इस बार चुनाव में शामिल नहीं है।
रेफरेंडम, जिसे “जुलाई नेशनल चार्टर” के नाम से जाना जाता है, में मतदाता यह तय करेंगे कि क्या वे प्रस्तावित संवैधानिक सुधारों का समर्थन करते हैं या नहीं। इस चार्टर में प्रधानमंत्री की अवधि पर प्रतिबंध, कार्यपालिका और संसदीय शक्तियों का संतुलन, विपक्ष के अधिकार और एक द्विसदनीय संसद जैसी बड़ी बदलाव शामिल हैं।
इस बार का चुनाव बांग्लादेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह शेख हसीना के लंबे शासन के बाद पहला लोकतांत्रिक चुनाव है और यह देश के भविष्य में संवैधानिक ढांचे और नेतृत्व को नए सिरे से तय करेगा।