ठाकुर बनाम पंडित विवाद : ऋषि मिश्रा ने मांगी सुरक्षा, पत्नी ऋतु ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

डिजिटल डेस्क- HDFC बैंक की पनकी शाखा से जुड़ा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और जातिगत टिप्पणी के आरोपों के बीच ऋतु त्रिपाठी और उनके पति ऋषि मिश्रा ने सुरक्षा और सम्मान की गुहार लगाई है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे विवाद और गहरा हो गया है। ऋषि मिश्रा का एक बयान इन दिनों चर्चा में है, जिसमें उन्होंने कहा, “मैं बेइज्जती भी सहूं और मानहानि का केस भी? तब तो सीधा यही मान लिया जाए कि ब्राह्मण होना ही पाप है।” उनका आरोप है कि उन्हें केवल उनकी जाति के आधार पर दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई वीडियो वायरल नहीं किया है। यदि ऐसा करना होता तो 7 जनवरी को ही कर देते। उनका कहना है कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज में पूरी सच्चाई कैद है और उससे स्पष्ट हो जाएगा कि पहले अभद्र व्यवहार किसने किया।

आरोपों के बाद मिल रही जान से मारने की धमकियां

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋतु त्रिपाठी ने खुलासा किया है कि आस्था सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद से उनके पति को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। ऋतु का कहना है कि आस्था सिंह के दावे झूठे हैं और बैंक के CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके पति को कोई नुकसान होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी आस्था सिंह की होगी। इस संबंध में ऋतु ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई है। ऋतु त्रिपाठी ने अपने इस्तीफे के पीछे मानसिक प्रताड़ना और कार्यस्थल के खराब माहौल को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 6 नवंबर 2024 को बैंक जॉइन किया था, लेकिन वहां का वातावरण बेहद तनावपूर्ण था। उन्होंने बैंक प्रबंधन को पहले ही बता दिया था कि उनकी एक छोटी बेटी है, फिर भी उन्हें देर रात तक, कभी-कभी 11 बजे तक रोका जाता था।

क्या है विवाद?

ऋतु का आरोप है कि ब्रांच मैनेजर सुमित सिंह उन्हें केबिन में बुलाकर घर छोड़ने की पेशकश करते थे। जब उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकराया तो उन पर इस्तीफा देने का दबाव बनाया गया। उनका कहना है कि लगातार मानसिक तनाव और असहज माहौल के चलते उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी। दूसरी ओर, रिलेशनशिप मैनेजर आस्था सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका दावा है कि विवाद तब शुरू हुआ जब ऋषि मिश्रा ने उनकी जाति पूछी और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आस्था का कहना है कि उन्हें अपने ‘ठाकुर’ होने पर गर्व है और उन्होंने केवल अपनी गरिमा की रक्षा के लिए जवाब दिया था। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे एकतरफा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *