20-25 सांसद घुसे, गालियां दीं’…. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान से आया सियासी उबाल

डिजिटल डेस्क- संसद के बजट सत्र के बीच लोकसभा में सियासी तनाव बढ़ गया है। विपक्षी सांसदों के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में जाकर हंगामा करने के आरोपों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दावा किया कि कम से कम 20 से 25 कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा, “मैं खुद वहां मौजूद था। करीब 20-25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुसे और उन्हें गालियां दीं।” रिजिजू ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि स्पीकर ओम बिरला स्वभाव से बहुत नरम और संयमित व्यक्ति हैं, अन्यथा सख्त कार्रवाई हो सकती थी।

कांग्रेस को वरिष्ठ नेताओं पर लगाया उकसाने का आरोप

रिजिजू ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिनमें प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल शामिल थे, भी उस समय चैंबर में मौजूद थे और स्थिति को शांत करने के बजाय सांसदों को उकसा रहे थे। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार संसदीय परंपराओं और गरिमा के खिलाफ है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि स्पीकर इस घटना से बेहद आहत हैं। “मैंने खुद स्पीकर से बात की है। वे इस पूरे वाकये से बहुत दुखी हैं। सांसद उनके चैंबर में गए, उन्हें गालियां दीं और अपमानजनक बातें कहीं,” रिजिजू ने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि स्पीकर द्वारा दी गई एक रूलिंग का भी पालन नहीं किया गया।

राहुल गांधी जी को कुछ नहीं सिखा सकता- किरेन रिजिजू

राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने कहा कि सदन में बोलने के लिए चेयर की अनुमति आवश्यक होती है। “जब तक चेयर से परमिशन नहीं मिलती, कोई सदस्य सदन में नहीं बोल सकता। यहां तक कि प्रधानमंत्री भी चेयर की अनुमति से ही बोलते हैं। हर किसी को नियमों का पालन करना पड़ता है,”। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए रिजिजू ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “मैं राहुल गांधी जी को कुछ नहीं सिखा सकता। मुझे समझ नहीं आता कि वे किस दुनिया में रहते हैं और कौन सी विचारधारा उनके कामों को चलाती है।” उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से अपील की कि वे राहुल गांधी को समझाएं कि संसद इस तरह नहीं चल सकती।

संसद में बच्चों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए

रिजिजू ने कहा कि संसद में बच्चों जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। “हमारा देश बहुत बड़ा है और सुरक्षा एक अहम मुद्दा है। हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना और किसी की गरिमा को कम आंकना ठीक नहीं है,” उन्होंने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *