राजपाल यादव के परिवार को तेज प्रताप यादव की आर्थिक मदद, 11 लाख रुपये देने का ऐलान

KNEWS DESK – बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरा और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के परिवार की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। तेज प्रताप यादव ने ऐलान किया है कि वह राजपाल यादव के परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देंगे। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।

तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए बताया कि उन्हें अपने बड़े भाई राव इंद्रजीत यादव की पोस्ट के माध्यम से राजपाल यादव के परिवार की आर्थिक और मानसिक पीड़ा की जानकारी मिली। उन्होंने लिखा कि इस कठिन समय में वह और उनका पूरा जनशक्ति जनता दल परिवार, राजपाल यादव के शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से पार्टी की ओर से 11 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।

गौरतलब है कि हिंदी फिल्मों में अपनी कॉमिक टाइमिंग से लाखों लोगों को हंसाने वाले राजपाल यादव इस समय गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। पांच करोड़ रुपये के पुराने लोन से जुड़े मामले में कोर्ट के आदेश पर उन्होंने 6 फरवरी को आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद वह जेल में हैं।

जेल जाने से पहले राजपाल यादव के कुछ भावुक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे। उन्होंने कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा। उन्होंने यह भी बताया था कि इस मुश्किल वक्त में उनकी मदद के लिए कोई दोस्त सामने नहीं आया।

इस मामले में अभिनेता सोनू सूद ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर राजपाल यादव को एक फिल्म ऑफर करने और साथ ही साइनिंग अमाउंट के रूप में आर्थिक सहायता देने की पेशकश की है। राजपाल यादव को मिल रही यह मदद उनके परिवार के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *