KNEWS DESK – हिंदी सिनेमा में एक समय ऐसा था, जब गोविंदा का नाम ही हिट की गारंटी माना जाता था। मेकर्स की लाइनें उनके घर के बाहर लगी रहती थीं, लेकिन आज हालात बिल्कुल अलग हैं। निजी और प्रोफेशनल जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब गोविंदा ने तमाम अफवाहों पर खुलकर बात की है। एक्टर ने न सिर्फ खुद पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया, बल्कि एक चौंकाने वाला किस्सा भी साझा किया।
समाचार एजेंसी से बातचीत में गोविंदा ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है। इसी दौरान उन्होंने एक डरावनी घटना का जिक्र किया, जब उनके घर में 22-23 अनजान लोग घुस आए थे। गोविंदा के मुताबिक, उन्होंने किस्मत से उन लोगों को आते हुए देख लिया। पहले तो लगा कि शायद किसी पार्टी के लिए आए हों, लेकिन माहौल कुछ और ही लग रहा था, इसलिए उन्होंने उनका वीडियो बना लिया।
गोविंदा ने बताया कि जब उन्होंने मुंबई पुलिस को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। मजबूरी में उन्होंने दूसरे देश की पुलिस को कॉल कर मदद मांगी। हालात तब और संदिग्ध हो गए, जब उन लोगों में से एक छत पर चढ़ गया और बाकी ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया।
एक्टर ने कहा कि उनके पास लाइसेंसी बंदूक है, जिसे उन्होंने हालात बिगड़ते देख बाहर निकाला और सीधे सवाल किया—“तुम लोग कौन हो?” काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। बाद में एक शख्स ने कहा कि वे बिजली ठीक करने आए हैं, लेकिन गोविंदा को यह बात हजम नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए बंदूक तान दी और सभी को वहां से जाने के लिए कहा।
गोविंदा का कहना है कि उन्होंने आगे यह जानने की कोशिश भी नहीं की कि वे लोग कौन थे, क्योंकि वह इसे समय और ऊर्जा की बर्बादी मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक अभिनेता का काम प्रतिक्रिया देना नहीं, बल्कि अभिनय करना है। हर बात पर जवाब देना सही नहीं होता।
गौरतलब है कि हाल ही में गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने भी खुलासा किया था कि अभिनेता को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन गोविंदा के पास बंदूक थी, जिसकी वजह से वह खुद को बचा पाए। इस पूरे मामले का वीडियो होने का भी दावा किया गया है, जिसकी शिकायत एफआईआर में दर्ज कराई गई है।