UGC इक्विटी रेगुलेशन के समर्थन में मार्च के दौरान पुलिस और विधायक पल्लवी पटेल में झड़प, हिरासत में भेजी गईं

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 के समर्थन में निकाले जा रहे पैदल मार्च के दौरान पुलिस और अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल के बीच झड़प हो गई। यह घटना आईटी चौराहे से विधानसभा की ओर जा रहे मार्च के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन के पास हुई।

पल्लवी पटेल अपने समर्थकों के साथ आईटी चौराहे से पैदल मार्च की शुरुआत कर विधानसभा तक जाना चाहती थीं। जब मार्च रिजर्व पुलिस लाइन के पास पहुंचा, तो पहले से की गई बैरिकेडिंग के जरिए पुलिस ने उन्हें रोक दिया। विधायक द्वारा बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश किए जाने पर पुलिस ने दोबारा रोका, जिससे दोनों के बीच कहासुनी और फिर झड़प की स्थिति बन गई।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद पल्लवी पटेल सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने उन्हें काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह हटने को तैयार नहीं हुईं। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। सभी को गाड़ियों में बैठाया गया, लेकिन पल्लवी पटेल सड़क पर बैठी रहीं।

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। काफी देर की जद्दोजहद के बाद पुलिस ने पल्लवी पटेल समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। इस दौरान आईटी चौराहा और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने सरकार पर उनकी मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *