KNEWS DESK – ‘वड़ा पाव गर्ल’ के नाम से मशहूर चंद्रिका दीक्षित एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनकी निजी जिंदगी, जो लगातार विवादों और सोशल मीडिया चर्चाओं में बनी हुई है। पति युगम गेरा के साथ चल रहे गंभीर मतभेदों और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों के बीच अब चंद्रिका की लेटेस्ट तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
दरअसल, चंद्रिका और युगम गेरा के रिश्ते में खटास उस वक्त खुलकर सामने आई, जब दोनों ने एक-दूसरे पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए। पहले चंद्रिका ने युगम पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके जवाब में युगम ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर चंद्रिका पर ही सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद से यह मामला लगातार तूल पकड़ता गया।
इसी बीच चंद्रिका के कुछ वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें वह एक ‘मिस्ट्री मैन’ के साथ नजर आईं। तभी से उनकी दूसरी शादी की चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब इन अटकलों को और हवा तब मिली, जब चंद्रिका ने इंस्टाग्राम पर कुछ नई तस्वीरें शेयर कीं।
इन तस्वीरों में चंद्रिका सुर्ख लाल जोड़े में दुल्हन के रूप में नजर आ रही हैं, जबकि उनके साथ खड़ा शख्स भी शादी के पारंपरिक परिधान में दिखाई दे रहा है। तस्वीरों से ऐसा लग रहा है कि शादी पंजाबी रीति-रिवाज से की गई है। चंद्रिका ने इन फोटोज के साथ सिर्फ एक शब्द लिखा—“फाइनली।”
इससे पहले भी वह इसी मिस्ट्री मैन के साथ प्यार का इजहार करता हुआ एक वीडियो शेयर कर चुकी थीं। अब शादी की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर मानो भूचाल ला दिया है। हालांकि, हर कोई इसे सच मानने को तैयार नहीं है।
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इन तस्वीरों को स्क्रिप्टेड बताया है और इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। कुछ लोगों का कहना है कि चंद्रिका ने लाइमलाइट में वापसी के लिए यह तरीका अपनाया है। वहीं, कुछ यूजर्स अब भी असमंजस में हैं कि यह वाकई शादी है या फिर सिर्फ कंटेंट के लिए किया गया ड्रामा।
फिलहाल इस पूरे मामले पर पति युगम गेरा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, दोनों के बीच विवाद काफी गहरा बताया जा रहा है। खबरों के मुताबिक, युगम ने चंद्रिका को दुकान का एक्सेस देने से भी इनकार कर दिया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चंद्रिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था,
“स्वीकार करती हूं… एक हद तक सहा करो, उसके बाद स्वाहा करो।” इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्होंने युगम से अलग होने का मन बना लिया है।