KNEWS DESK- रविवार को कानपुर के रेव-3 मॉल के पास हुए हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी एक्सीडेंट ने शहर में सनसनी मचा दी। घटना में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से कई को गंभीर फ्रैक्चर हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना दोपहर करीब 3:15 बजे हुई। तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की करोड़ों की लैंबॉर्गिनी बेकाबू होकर सड़क पर उड़ती रही। सबसे पहले कार ने एक ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद रॉयल इनफील्ड बाइक को कुचल दिया। बाइक सवार तौफीक अहमद 10 फीट हवा में उछलकर गिर गए और उनके पैरों में गंभीर चोटें आई।
हादसे के तुरंत बाद मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि ड्राइविंग सीट से शिवम मिश्रा को बाहर निकालते बाउंसर मौजूद थे। वहीं आरोपी के वकील मृत्युंजय कुमार ने मीडिया के सामने दावा किया कि हादसे के वक्त कार शिवम नहीं, बल्कि उनके ड्राइवर मोहन चला रहा था।
वकील ने कहा, “अब जो भी होगा, कोर्ट में होगा।” जब मीडिया ने सवाल किया कि अगर शिवम ड्राइविंग सीट पर नहीं थे तो उन्हें घटनास्थल पर क्यों नहीं देखा गया, तो वकील ने माइक हटाकर वहां से चले गए।
हालांकि वीडियो और चश्मदीदों के बयान वकील के दावे के विपरीत कहानी बयां कर रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक्सीडेंट के तुरंत बाद शिवम ड्राइविंग सीट पर ही मौजूद थे, जिससे घटना की जिम्मेदारी और विवादास्पद हो गई है।