जब मां के आगे फीकी पड़ीं शनाया कपूर, बोलीं– खुद को हीरोइन समझ लिया था, फराह खान भी रह गईं हैरान

KNEWS DESK – कपूर खानदान की बेटी और अभिनेत्री शनाया कपूर इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। साल 2025 में फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली शनाया अब जल्द ही अपनी अगली फिल्म ‘तू या मैं’ में नजर आने वाली हैं। एक ओर जहां उनकी प्रोफेशनल लाइफ चर्चा में है, वहीं हाल ही में उन्होंने स्टार पेरेंट्स होने के अनुभव पर भी खुलकर बात की।

दरअसल, मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान अपने लेटेस्ट कुकिंग व्लॉग के लिए शनाया कपूर के घर पहुंचीं। इस व्लॉग में शनाया की मां महीप कपूर भी नजर आईं, जिनकी फराह खान से गहरी दोस्ती है। बातचीत के दौरान फराह ने शनाया से सवाल किया कि स्टार माता-पिता होने का एहसास कैसा होता है?

इस पर शनाया ने बिना किसी झिझक के कहा कि स्टार पेरेंट्स होने के कई फायदे होते हैं। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता उन्हें फिल्मों के प्रमोशन में काफी सपोर्ट करते हैं और इंडस्ट्री को समझने में भी मदद मिलती है।

इसी बातचीत में शनाया ने एक दिलचस्प और मजेदार किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार वह अपनी मां महीप कपूर के साथ फिल्म देखने गई थीं। तभी कुछ लड़कियों का एक ग्रुप उनकी ओर आता दिखा। शनाया को लगा कि शायद उनकी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म के ट्रेलर की वजह से लोग उनके साथ फोटो खिंचवाना चाहते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

शनाया ने बताया कि वह जैसे ही आगे बढ़ने वाली थीं, तभी वह लड़कियां सीधे उनकी मां महीप कपूर के पास पहुंच गईं और बोलीं, “हम आपके बहुत बड़े फैन हैं।” इसके बाद उन्हीं लड़कियों ने शनाया से कहा कि क्या वह उनकी मां के साथ सभी की फोटो क्लिक कर सकती हैं। यह सुनकर फराह खान जोर-जोर से हंस पड़ीं और बोलीं कि उनके साथ भी कई बार ऐसा हो चुका है, जब फैंस उन्हें छोड़कर किसी और के साथ फोटो खिंचवाते हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो शनाया कपूर अपनी आने वाली फिल्म ‘तू या मैं’ के प्रमोशन में जुटी हुई हैं। इस फिल्म में उनके साथ आदर्श गौरव नजर आएंगे। वैलेंटाइन डे के मौके पर यह फिल्म 13 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस नई जोड़ी और कहानी को कितना पसंद करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *