कानपुर HDFC बैंक विवाद: वायरल वीडियो पर आस्था सिंह ने दी सफाई, कहा- “मैंने अपनी जाति पर गर्व जताया”

KNEWS DESK- कानपुर सिटी के पनकी सेक्टर-2 स्थित HDFC बैंक से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बैंक की महिला कर्मचारी आस्था सिंह को किसी महिला पर गुस्से में भद्दी-भद्दी गालियां देते और जातिगत रौब दिखाते देखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बैंक और कर्मचारी के खिलाफ लोगों का गुस्सा देखा गया हालांकि अब आस्था सिंह ने मामले पर अपना पक्ष रखा है और वीडियो को गलत तरीके से पेश किए जाने का दावा किया है।

आस्था सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो 6 जनवरी का है, न कि हाल की घटना। उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रही महिला कोई ग्राहक नहीं है, बल्कि बैंक में काम करने वाली एक कर्मचारी के पति के साथ हुई बहस का है।

उन्होंने आगे कहा कि महिला कर्मचारी ने उसी दिन रिजाइन किया था और तत्काल रिलीविंग की मांग की थी। कर्मचारी की ननद सुबह से बैंक में मौजूद थीं, जिनसे आस्था सिंह की थोड़ी बहस हो गई। ननद ने इस घटना की जानकारी अपने भाई यानी महिला कर्मचारी के पति को दी, जिसके बाद मामला बढ़ा।

आस्था सिंह ने आरोप लगाया कि महिला कर्मचारी का पति बैंक बंद होने के बाद उनके डेस्क पर आया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनकी जाति पूछी और धमकी दी। उन्होंने बताया, “कौन सी जाति की हो जो इतनी गर्मी है तुझमें। मैं तेरी सारी गर्मी निकाल दूंगा।”

आस्था सिंह ने कहा कि इसी उकसावे में उन्होंने जो बयान दिया, वह वीडियो में दिख रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके शब्द गलत थे, लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया को ऐसे परिस्थितियों में जायज़ बताया।

आस्था ने कहा, “मैंने कहा था कि मैं ठाकुर हूं, और हां, मुझे अपनी जाति पर गर्व है। मैं जानती हूं कि पब्लिक सर्विस में बैठी होने के नाते शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए, लेकिन अगर कोई मुझे धमकी देगा, तो चुप रहना भी मुश्किल हो जाता है।”

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बैंक और आस्था सिंह के खिलाफ आलोचना बढ़ गई। हालांकि पुलिस ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *