डिजिटल डेस्क- फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए दर्दनाक झूला हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में झूला टूटने के बाद लोगों को बचाने के दौरान हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद शहीद हो गए थे, जबकि 12 लोग घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार, झूला लगाने वाली कंपनी “हिमाचल केयर फन केयर” के मालिक मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार किया गया है। शाकिर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गांव टोका नंगला का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि टूटे हुए झूले का मालिक भी मोहम्मद शाकिर ही है और उसका नाम एफआईआर में दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने एक अन्य आरोपी नितेश, निवासी धर्मपुरी सदर मेरठ कैंट (उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार किया है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, SIT कर रही जांच
थाना सूरजकुंड में इस मामले में कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है। झूले की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और अनुमति से जुड़े सभी दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को श्रद्धांजलि
हादसे के बाद शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस महानिदेशक अजय सिंगला और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। पुलिस महानिदेशक अजय सिंगला ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों को बचाया और कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि पूरा पुलिस विभाग उन पर गर्व करता है। शहीद के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी और अनुकंपा योजना के तहत योग्य सदस्य को नौकरी भी प्रदान की जाएगी।
घायलों का हालचाल जाना, हालत स्थिर
पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की और उनके इलाज की जानकारी ली। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए थे, जिनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। सभी घायलों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। घायलों में महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम, महिला सिपाही शर्मिला, राजेश (SPO), हर्ष प्रकाश, प्रशांत, अमीषा, परविंदर, सुनील, शिवानी, बलबीर, अनुज और पूजा शामिल हैं। इनमें से पांच घायलों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।