यूपी विधानमंडल का बजट सत्र कल से शुरू, 11 फरवरी को पेश होगा करीब 9 लाख करोड़ का बजट

KNEWS DESK- प्रदेश सरकार का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है, जिसे लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सत्र की शुरुआत से पहले आज सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों की अलग-अलग बैठकें होने की संभावना है, जिनमें सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों और रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बजट सत्र को लेकर विधानसभा परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रदेश सरकार 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी, जिसका आकार इस बार करीब 9 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। यह अब तक का सबसे बड़ा बजट हो सकता है। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के समग्र विकास के साथ-साथ आम जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने पर रहेगी। सड़क, पुल, शहरी विकास और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए भारी प्रावधान किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

पिछले वित्तीय वर्ष में प्रदेश का बजट 8.08 लाख करोड़ रुपये का था, जो उससे पहले के साल की तुलना में करीब 9.8 प्रतिशत अधिक रहा। इस बार बजट का आकार और बढ़ने की उम्मीद है। सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को विस्तार देने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, किसानों को राहत देने और गरीब व जरूरतमंद वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर देगी।

सूत्रों के मुताबिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए जा सकते हैं। अनुमान है कि कुल बजट का लगभग एक चौथाई हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च होगा, जबकि शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों को भी बड़ी हिस्सेदारी मिलेगी। सरकार का लक्ष्य विकास की गति बनाए रखते हुए वित्तीय संतुलन और अनुशासन को कायम रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *