डिजिटल डेस्क- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत-मलेशिया संबंधों को नई ऊंचाई देने का भरोसा दिलाया। पीएम मोदी ने इस दौरान घोषणा की कि भारत का यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) जल्द ही मलेशिया में शुरू होगा, जिससे दोनों देशों के बीच डिजिटल लेन-देन और आर्थिक सहयोग को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने नए भारतीय कॉन्सुलेट के उद्घाटन का जिक्र करते हुए कहा कि यह कदम दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और सहयोग को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि मलेशिया में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय मूल की आबादी रहती है और यही समुदाय भारत और मलेशिया के बीच सबसे मजबूत कड़ी है।
मलेशिया पीएम के संगीत प्रेमी होने का किया उल्लेख
पीएम मोदी ने सांस्कृतिक समानताओं का जिक्र करते हुए कहा कि रोटी कैनाई और मालाबार परोट्टा, नारियल और मसालों का स्वाद चाहे कुआलालंपुर हो या कोच्चि दिलों को जोड़ता है। भाषाओं में समान शब्द, भारतीय संगीत और फिल्मों की लोकप्रियता इस आपसी समझ को और गहरा बनाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के संगीत प्रेम और MGR के तमिल गीतों के प्रति उनके लगाव का भी उल्लेख किया।
भूकंप के समय भारत की मदद के लिए मलेशिया पीएम ने जताया आभार
प्रधानमंत्री ने 2001 के गुजरात भूकंप के समय मलेशिया में बसे भारतीय समुदाय की मदद को याद करते हुए आभार जताया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में मलेशिया से जुड़े भारतीयों और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की इंडियन नेशनल आर्मी में उनके योगदान को भी नमन किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत सिर्फ एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि इन्वेस्टमेंट और ट्रेड का भरोसेमंद हब बन चुका है। भारत के साथ कई देशों की ट्रेड डील इसका प्रमाण हैं। उन्होंने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और 800 कलाकारों की प्रस्तुति की भी सराहना की।