KNEWS DESK- हर साल 7 फरवरी से वैलेंटाइन वीक की शुरुआत रोज डे के साथ होती है और यह प्यार भरा हफ्ता 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे पर समाप्त होता है। इस रोमांटिक वीक का दूसरा दिन प्रपोज डे होता है, जो अपने दिल के जज़्बात बयां करने के लिए सबसे खास माना जाता है। इस दिन लोग अपने पार्टनर से प्यार का इजहार करते हैं और रिश्ते को एक नई दिशा देते हैं

वैलेंटाइन वीक के दूसरे दिन यानी 8 फरवरी को प्रपोज डे मनाया जाता है। यह दिन खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है जो किसी से प्यार तो करते हैं, लेकिन अब तक अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर पाए हैं।
प्रपोज डे का मतलब क्या है?
जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, प्रपोज डे का अर्थ है किसी को अपने दिल की बात कहना। इस दिन आप अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने की पहल करते हैं। अगर आप किसी रिलेशनशिप में हैं, तो इस दिन दोबारा प्रपोज करके पुराने पलों को ताज़ा कर सकते हैं। अगर आप शादी का मन बना चुके हैं, तो 8 फरवरी का दिन इसके लिए भी शुभ माना जाता है। यह दिन रिश्ते में भरोसा, कमिटमेंट और प्यार को और मजबूत करता है।
वैलेंटाइन वीक कैसे बना प्यार का त्योहार?
वैलेंटाइन डे की शुरुआत तीसरी सदी से जुड़ी मानी जाती है। सबसे प्रचलित कथा संत वैलेंटाइन की है, जो एक पादरी थे। कहा जाता है कि रोमन सम्राट क्लॉडियस द्वितीय ने सैनिकों की शादी पर रोक लगा दी थी, क्योंकि उसका मानना था कि प्रेम और विवाह सैनिकों को कमजोर बना देता है।

संत वैलेंटाइन ने इस आदेश के बावजूद सैनिकों की शादी करवाई। इसे आदेश की अवहेलना मानते हुए उन्हें कारावास में डाल दिया गया और 14 फरवरी को उन्हें फांसी दे दी गई। उनकी याद में यह दिन प्यार करने वालों के लिए समर्पित हो गया और धीरे-धीरे वैलेंटाइन डे एक उत्सव का रूप लेता चला गया। बाद में रोज डे, प्रपोज डे, चॉकलेट डे जैसे दिन भी इस वीक का हिस्सा बन गए।
क्या प्रपोज डे की कोई खास हिस्ट्री है?
प्रपोज डे की कोई आधिकारिक या पुख्ता ऐतिहासिक जानकारी नहीं मिलती। हालांकि, अंगूठी के साथ प्रपोज करने की परंपरा को लेकर एक रोचक कहानी प्रचलित है। कहा जाता है कि 1477 में ऑस्ट्रिया के आर्कड्यूक मैक्सिमिलियन ने मैरी ऑफ बरगंडी को हीरे की अंगूठी देकर प्रपोज किया था। इसके बाद इंगेजमेंट में अंगूठी देने की परंपरा लोकप्रिय हो गई और समय के साथ यह प्यार के इजहार का प्रतीक बन गई, जिसे आज भी प्रपोज डे जैसे खास मौकों पर अपनाया जाता है।
हर कपल के लिए क्यों खास है प्रपोज डे?
प्रपोज डे मनाने के कोई तय नियम नहीं होते। न महंगे गिफ्ट जरूरी हैं, न ही बड़े आयोजन बस जरूरी है आपकी सच्ची भावनाएं और उन्हें जाहिर करने की थोड़ी सी हिम्मत। आप अपने पार्टनर को उनकी पसंदीदा जगह पर ले जा सकते हैं, उनके साथ क्वालिटी टाइम बिता सकते हैं और उन्हें यह महसूस करा सकते हैं कि वे आपके लिए कितने खास हैं।
प्रपोज डे उन रिश्तों के लिए एक नया अध्याय शुरू करने का दिन है, जहां प्यार है लेकिन इजहार बाकी है। सही समय, सही एहसास और सच्चे जज़्बात—यही इस दिन की असली खूबसूरती है।