यूपी चुनाव से पहले मायावती का अलर्ट मोड, कार्यकर्ताओं से कहा– षड्यंत्रों का डटकर करें मुकाबला

डिजिटल डेस्क- बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करने के लिए कमर कस ली है। शनिवार को उन्होंने प्रदेश इकाई से लेकर मंडल, जिला और विधानसभा स्तर तक के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों की एक अहम विशेष बैठक बुलाई। इस दौरान मायावती ने विपक्षी दलों पर बीएसपी को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का संदेश दिया। मायावती ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है, ऐसे में पार्टी वर्कर्स को दिशा देने और संगठन को मजबूत करने के लिए यह स्टेट-लेवल मीटिंग बेहद जरूरी थी। उन्होंने माना कि चल रही SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) एक्सरसाइज के कारण पार्टी के काम में कुछ देरी हुई है, लेकिन इसे जल्द पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि विपक्षी पार्टियां नई-नई चालों और षड्यंत्रों के जरिए बीएसपी को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।

राज्य सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

बैठक में मायावती ने मौजूदा केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों, धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ-साथ किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और अन्य कामकाजी वर्गों की समस्याएं लगातार बनी हुई हैं, जो पिछली सरकारों के दौर से चली आ रही हैं। बीएसपी का लक्ष्य 2022 के विधानसभा चुनाव में हुए खराब प्रदर्शन से उबरना है, जब पार्टी सिर्फ एक सीट जीत पाई थी। मायावती ने पार्टी नेताओं से कहा कि विरोधी दलों के ‘साम, दाम, दंड, भेद’ जैसे हथकंडों और कुछ स्वार्थी दलित संगठनों के षड्यंत्रों का डटकर मुकाबला करना होगा।

चुनावी तैयारियों को देखते हुए होगा फेरबदल

चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन में जरूरी फेरबदल किए जाएंगे ताकि पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके। उन्होंने बीजेपी सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि कुछ मुट्ठीभर लोगों को छोड़ दें तो समाज का हर वर्ग खुद को उपेक्षित और त्रस्त महसूस कर रहा है। खासतौर पर ब्राह्मण समाज अपनी उपेक्षा, असुरक्षा और असम्मान को लेकर मुखर है, जबकि बीएसपी ने हमेशा सर्वसमाज को साथ लेकर उन्हें भी पूरा सम्मान और न्याय दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *