डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा मथुरा के सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 88 के पास हुआ। नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक निजी बस को यात्रियों ने लघुशंका के लिए सड़क किनारे रुकवाया था। बस रुकते ही कई यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे चले गए और लघुशंका करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक कंटेनर वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंदता चला गया।
टक्कर इतनी भीषण कि कई फीट हवा में उछले लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री हवा में उछलकर दूर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सुरीर पुलिस, यमुना एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल एक्सप्रेस-वे पर यातायात को नियंत्रित किया और राहत कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को एंबुलेंस के जरिए मोर्चरी भेजा गया, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह कंटेनर की तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस को एक्सप्रेस-वे पर गलत तरीके से क्यों रोका गया और सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। इस हादसे ने एक बार फिर यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक्सप्रेस-वे पर अक्सर लघुशंका या अन्य कारणों से वाहन रोकने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जो बड़े हादसों का कारण बनती हैं। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।