KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में चीनी मांझे से होने वाली बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि यदि प्रदेश में चीनी मांझे के कारण कोई भी हादसा होता है, तो उसकी सीधी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी ने चीनी मांझे के उत्पादन, बिक्री और उपयोग से जुड़े पूरे नेटवर्क को खत्म करने के निर्देश देते हुए इसके खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीनी मांझे से होने वाली मौतें सामान्य दुर्घटनाएं नहीं, बल्कि हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हैं। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में थोक विक्रेताओं, गोदामों, परिवहन माध्यमों और ऑनलाइन सप्लायर्स की सघन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि कहीं भी चीनी मांझे का भंडारण या बिक्री पाए जाने पर तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकार का साफ लक्ष्य है कि प्रदेश में चीनी मांझा पूरी तरह से खत्म किया जाए।
CM योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए हैं। यह अधिकारी 24 घंटे चीनी मांझे से जुड़े मामलों पर नजर रखेगा और बाजारों के साथ-साथ सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हो रही अवैध बिक्री की निगरानी करेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार चीनी मांझे के खतरों को लेकर स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाएगी। बच्चों और युवाओं को बताया जाएगा कि यह मांझा कितना खतरनाक है और इससे जान तक जा सकती है। इसके अलावा बाजारों में पतंग विक्रेताओं को भी सख्त चेतावनी दी जा रही है कि यदि वे चीनी मांझा बेचते पाए गए तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर में चीनी मांझे के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की कोशिश तेज की जाएगी।