डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट को लेकर चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) प्रक्रिया की समय-सीमा एक बार फिर बढ़ा दी गई है। यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि एसआईआर की मियाद अब एक महीने के लिए और बढ़ा दी गई है। इसके तहत प्रदेश की फाइनल वोटर लिस्ट अब 10 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों और विभिन्न हितधारकों की ओर से लगातार तारीख बढ़ाने की मांग की जा रही थी। 27 जनवरी को राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक में सभी दलों ने एकमत से एसआईआर की समय-सीमा बढ़ाने का सुझाव दिया था। इन्हीं मांगों को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने यह फैसला लिया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
6 मार्च तक जमा होंगे दावे और आपत्तियां
नवदीप रिणवा ने जानकारी दी कि अब Form-6 (नया नाम जोड़ने), Form-7 (नाम हटाने) और Form-8 (संशोधन) को 6 मार्च तक जमा किया जा सकेगा। इसके साथ ही नोटिस के जवाब और सत्यापन की प्रक्रिया के लिए भी एक महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि नोटिस की सुनवाई की प्रक्रिया 27 मार्च तक चलेगी। इसी अवधि में मैपिंग और सत्यापन का काम भी पूरा किया जाएगा। इसके बाद सभी आपत्तियों और दावों के निस्तारण के पश्चात 10 अप्रैल को फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी।
अब तक आए लाखों आवेदन
मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार, 6 जनवरी से 4 फरवरी के बीच कुल 37,80,414 Form-6 जमा किए गए हैं, जबकि Form-7 की संख्या 82,684 रही है। इसके अलावा 1,073 आवेदन ओवरसीज मतदाताओं की ओर से प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक आवेदन 5 फरवरी को आए, जब एक ही दिन में तीन लाख से ज्यादा फॉर्म जमा किए गए। यह दर्शाता है कि मतदाताओं में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ी है।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 12.55 करोड़ से ज्यादा नाम
चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 12,55,56,025 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें Form-6 की संख्या 54,37,850 और Form-7 की संख्या 1,33,650 रही। BLAs (बूथ लेवल एजेंट्स) द्वारा 37,789 Form-6 जमा किए गए, जबकि आम नागरिकों की ओर से Form-6 और 6A के तहत 37,81,487 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद 38,19,276 नए Form-6 आए, जबकि ड्राफ्ट से पहले 16,18,574 आवेदन जमा किए जा चुके थे। 4 फरवरी तक कुल Form-6 की संख्या 54,37,850 हो चुकी है।