डिजिटल डेस्क- पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक भीषण बम धमाका हुआ, जिसने पूरे देश को दहला दिया। यह धमाका शहर की मशहूर कसर-ए-खदीजतुल कुबरा मस्जिद में हुआ, जिसे इस्लामाबाद की बड़ी मस्जिदों में गिना जाता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हमले में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। धमाका उस वक्त हुआ जब मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की जा रही थी और बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद थे। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में शवों के अंग बिखरे नजर आ रहे हैं, जबकि घायल लोग मदद के लिए चीखते दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
कई नमाजियों की हालत बनी हुई है नाजुक
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घायलों को पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS), सीडीए अस्पताल और एक अन्य नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मीडिया डॉन की शुरुआती रिपोर्ट में मरने वालों की संख्या 10 बताई गई थी, हालांकि बाद में स्थानीय सूत्रों ने आंकड़ा कहीं अधिक होने की पुष्टि की है। प्राथमिक जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है। धमाके के तुरंत बाद पुलिस और पाकिस्तानी सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। एहतियात के तौर पर इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नबंबर 2025 में हो चुका है बड़ा धमाका
स्थानीय मीडिया के मुताबिक जिस मस्जिद में हमला हुआ, वह शिया समुदाय की एक प्रमुख मस्जिद मानी जाती है। पाकिस्तान में शिया समुदाय की आबादी करीब 2 करोड़ है, जो देश की कुल आबादी का लगभग 10 से 12 प्रतिशत है। इस हमले के बाद शिया समुदाय में डर और आक्रोश का माहौल है। गौरतलब है कि नवंबर 2025 के बाद यह इस्लामाबाद में दूसरा बड़ा धमाका है। इससे पहले नवंबर 2025 में इस्लामाबाद कोर्ट के बाहर हुए विस्फोट में 12 लोगों की मौत हुई थी और 36 लोग घायल हुए थे। उस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने ली थी। हालांकि, मौजूदा हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है।