KNEWS DESK – मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। हाल ही में फिल्म का पहला लुक सामने आया था, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर संगठनों तक नाराजगी देखने को मिली। जयपुर में सर्व ब्राह्मण महासभा ने फिल्म के टाइटल पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि इससे ब्राह्मण समाज की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। विवाद बढ़ने के बाद पहले फिल्म के डायरेक्टर नीरज पांडे और अब खुद मनोज बाजपेयी का रिएक्शन सामने आया है।
क्या बोले मनोज बाजपेयी?
मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी। एक्टर ने लिखा, “लोगों ने जो भावनाएं और चिंताएं जताई हैं, मैं उनका पूरा सम्मान करता हूं और उन्हें गंभीरता से लेता हूं। जब आप किसी ऐसी चीज का हिस्सा होते हैं जिससे कुछ लोगों को ठेस पहुंचती है, तो रुककर उनकी बात सुनना जरूरी होता है। एक एक्टर के तौर पर मैं फिल्म में अपने किरदार और कहानी के जरिए ही जुड़ता हूं।”
डायरेक्टर नीरज पांडे को दिया सपोर्ट
अपने पोस्ट में मनोज बाजपेयी ने फिल्म के डायरेक्टर नीरज पांडे का भी खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह कहानी किसी समुदाय पर टिप्पणी करने की नहीं, बल्कि एक गलतियां करने वाले इंसान और उसके आत्म-साक्षात्कार की यात्रा को दिखाने की है। मनोज ने लिखा कि नीरज पांडे हमेशा अपनी फिल्मों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ बनाते हैं। लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने फिल्म का सारा प्रमोशनल मटेरियल फिलहाल हटा दिया है और उठाई गई चिंताओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, नेटफ्लिक्स ने साल 2026 में रिलीज होने वाली फिल्मों और वेब सीरीज की लिस्ट जारी की थी। इसी दौरान मनोज बाजपेयी स्टारर ‘घूसखोर पंडित’ का फर्स्ट लुक भी रिलीज किया गया। इसके बाद ब्राह्मण समाज के कुछ संगठनों ने फिल्म के नाम पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे समाज की छवि को ठेस पहुंचाने वाला बताया। विवाद इतना बढ़ गया कि दिल्ली हाईकोर्ट में फिल्म पर बैन लगाने की याचिका तक दायर कर दी गई। हालात को देखते हुए मेकर्स ने फिलहाल फिल्म से जुड़े सभी पोस्टर्स और टीजर डिलीट कर दिए हैं।