KNEWS DESK- दिनभर की थकान के बाद अगर रात के खाने में कुछ टेस्टी मिल जाए तो मूड अपने-आप फ्रेश हो जाता है। लेकिन रोज-रोज दाल-रोटी या सब्जी-रोटी खाकर अगर आप भी बोर हो चुके हैं, तो आज हम आपके लिए लाए हैं एक मज़ेदार और यूनिक रेसिपी — पाव भाजी पराठा।

यह रेसिपी स्वाद में इतनी लाजवाब है कि एक बार खाने के बाद घरवाले बार-बार इसे बनाने की फरमाइश करेंगे।
क्यों खास है पाव भाजी पराठा?
पाव भाजी का मसालेदार स्वाद और पराठे की नरमी जब एक साथ मिलती है, तो इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। इसे आप हरी चटनी, प्याज-टमाटर की चटनी या दही के साथ सर्व कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसे बनाना जितना आसान है, स्वाद उतना ही जबरदस्त है।
पाव भाजी पराठा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- गेहूं का आटा – 3 कप
- उबले आलू – 2 कप
- उबली मटर – आधा कप
- टमाटर – 3 (बारीक कटे हुए)
- प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
- शिमला मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
- पाव भाजी मसाला – 2 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- हल्दी – आधा छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
- तेल या मक्खन – सेंकने के लिए
पाव भाजी पराठा बनाने की आसान विधि
स्टफिंग तैयार करें:
सबसे पहले सभी सब्जियों को तैयार रखें। एक कड़ाही में थोड़ा मक्खन या तेल डालें और धीमी आंच पर प्याज को हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं। इसके बाद उबले आलू, मटर, शिमला मिर्च, पाव भाजी मसाला, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालें। सबको अच्छी तरह मैश करें और अंत में हरा धनिया मिलाकर स्टफिंग को ठंडा होने दें।
पराठा बनाएं:
गेहूं के आटे में थोड़ा नमक मिलाकर नरम आटा गूंथ लें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें। हर लोई में तैयार पाव भाजी स्टफिंग भरें और हल्के हाथ से गोल पराठा बेल लें।
पराठा सेंकें:
तवे को गर्म करें, थोड़ा तेल डालें और पराठे को धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
कैसे करें सर्व?
गरमा-गरम पाव भाजी पराठे को प्लेट में निकालें, ऊपर से थोड़ा मक्खन डालें और हरी चटनी या प्याज-टमाटर की चटनी के साथ सर्व करें। यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी।