KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में अब चाइनीज़ मांझे का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार हो रही दुर्घटनाओं और मौतों को गंभीरता से देखते हुए यह निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चाइनीज़ मांझे की बिक्री और उपलब्धता रोकने के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जाए।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि चाइनीज़ मांझे से किसी की जान जाने की स्थिति में इसे हत्या माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ उसी के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश स्तर पर चल रहे अभियान की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सवाल किया कि प्रतिबंध होने के बावजूद बाजार में चाइनीज़ मांझा कैसे पहुंच रहा है और इसकी बिक्री कौन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस पर तुरंत और प्रभावी रोक लगाई जाए।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को लखनऊ में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गला कटने से दर्दनाक मौत हो गई थी। बीते एक साल में इस तरह की 8 घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोग गंभीर रूप से घायल या मृत हुए।
योगी आदित्यनाथ ने दो टूक कहा कि अब चाइनीज़ मांझे की बिक्री और इस्तेमाल किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान की जाए, दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और पूरे प्रदेश में चाइनीज़ मांझे की जप्ती के लिए लगातार अभियान चलाया जाए। यह कदम प्रदेश में जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हो रही दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में उठाया गया है।