सहकार से समृद्धि को मिलेगी नई रफ्तार, अमित शाह करेंगे ‘भारत टैक्सी’ का उद्घाटन, ड्राइवरों को मिलेगा पूरा मुनाफा

डिजिटल डेस्क- भारत के पहले सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ का आज नई दिल्ली में औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसे टैक्सी चालकों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी से चालक बहन-भाई न सिर्फ ज्यादा मुनाफा कमाएंगे, बल्कि सम्मान के साथ इसके मालिक भी बनेंगे। सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को जमीन पर उतारने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। ‘भारत टैक्सी’ को एक ऐसे परिवर्तनकारी मोबिलिटी मॉडल के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें ड्राइवर जिन्हें ‘सारथी’ कहा जाता है स्वामित्व, संचालन और मूल्य सृजन के केंद्र में होंगे, जिससे वे शोषणकारी एग्रीगेटर आधारित मॉडलों से मुक्त हो सकें।

उत्कृष्ट योगदान देने वाले शीर्ष छह सारथियों को किया जाएगा सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सहकारिता-आधारित मोबिलिटी इकोसिस्टम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शीर्ष छह सारथियों को सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्री इन सारथियों को शेयर सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे, जिससे ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा को और मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही प्रत्येक सम्मानित सारथी को 5 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और 5 लाख रुपये का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा भी दिया जाएगा। सहकारिता मंत्रालय के मुताबिक, भारत टैक्सी बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के तहत पंजीकृत भारत का पहला सहकारिता-नेतृत्व वाला राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसकी स्थापना 6 जून 2025 को की गई थी। यह प्लेटफॉर्म शून्य कमीशन और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करता है, जिससे ड्राइवरों को पूरा लाभ सीधे मिलता है और यह विदेशी निवेश आधारित एग्रीगेटर कंपनियों का स्वदेशी विकल्प बनकर उभरा है।

स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, सेवानिवृत्ति बचत और 24×7 सहायता मिलेगी चालकों को

इस अवसर पर संचालनात्मक एकीकरण, डिजिटल सशक्तिकरण और सेवा गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के साथ 9 एमओयू भी किए जाएंगे। भारत टैक्सी ड्राइवरों को स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, सेवानिवृत्ति बचत और 24×7 सहायता प्रणाली जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं प्रदान करता है। दिल्ली में इसके सात सहायता केंद्र पहले से संचालित हैं। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘बाइक दीदी’ जैसी पहलें भी शुरू की गई हैं, जिसके तहत अब तक 150 से अधिक महिला ड्राइवर प्लेटफॉर्म से जुड़ चुकी हैं।

4 लाख से अधिक ड्राइवर और 10 लाख से अधिक यूजर्स पंजीकृत

भारत टैक्सी अब तक दुनिया का सबसे बड़ा ड्राइवर-स्वामित्व वाला और सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म बन चुका है। इससे करीब 4 लाख ड्राइवर जुड़ चुके हैं और 10 लाख से अधिक यूजर्स पंजीकृत हैं। अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये सीधे ड्राइवरों को वितरित किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *