KNEWS DESK – मणिपुर में करीब एक साल बाद राजनीतिक स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को राज्य से राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया और भारतीय जनता पार्टी के नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने लोक भवन में उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के सहयोगी दलों की भी भागीदारी रही। कुकी समुदाय से आने वाली भाजपा विधायक नेमचा किपगेन ने वर्चुअल माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के विधायक एल. डिखो ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर तत्काल प्रभाव से राष्ट्रपति शासन समाप्त करने की घोषणा की थी। यह फैसला मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले लिया गया, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया।
मणिपुर बीजेपी इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि युमनाम खेमचंद सिंह बुधवार शाम 6 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पार्टी ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व में मणिपुर शांति, विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ेगा और राज्य में स्थिरता के नए दौर की शुरुआत होगी।
सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में एनडीए विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा था, जहां उन्होंने राज्यपाल को सरकार गठन का दावा सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में चुराचांदपुर और फेरजावल से आने वाले कुकी समुदाय के दो विधायक भी शामिल थे, जिसे राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
62 वर्षीय युमनाम खेमचंद सिंह को मंगलवार को नई दिल्ली में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। इसके साथ ही उन्हें एनडीए विधायक दल का भी नेता बनाया गया। भाजपा नेता थोंगम विस्वजीत सिंह ने पहले ही संकेत दिए थे कि खेमचंद सिंह के साथ पांच अन्य विधायक भी मंत्रिपद की शपथ ले सकते हैं।
गौरतलब है कि मणिपुर में फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू था। मई 2023 में शुरू हुई कुकी और मैतई समुदायों के बीच जातीय हिंसा के बाद बिगड़े हालातों को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह पर दबाव बढ़ा था, जिसके चलते उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। अब नई सरकार के गठन के साथ राज्य में शांति और सामान्य हालात बहाल होने की उम्मीद की जा रही है।