15 दिनों में दिल्ली से 807 लोग लापता! अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार पर बोला हमला

KNEWS DESK – आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राजधानी दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में “चार इंजन की सरकार” होने के बावजूद आम लोगों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।

15 दिनों में 807 लोग लापता

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हालात बेहद डरावने होते जा रहे हैं। सिर्फ 15 दिनों के भीतर 807 लोग गायब हो चुके हैं, जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में न सिर्फ अपराध बढ़ रहे हैं, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने के मामले भी सामने आ रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

केजरीवाल ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में हर दिन औसतन 54 लोग लापता हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दिल्ली में हर स्तर पर भाजपा की सरकार और पूरी ताकत मौजूद है, तो फिर राजधानी इतनी असुरक्षित क्यों होती जा रही है?

‘दिल्ली की कानून व्यवस्था ICU में है’

आम आदमी पार्टी ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था इस वक्त आईसीयू में है। पार्टी के अनुसार 1 से 15 जनवरी के बीच सामने आए लापता लोगों के आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। पार्टी ने दावा किया कि लापता लोगों में बड़ी संख्या नाबालिग लड़कियों की है।

AAP ने दिल्ली की जनता से अपील की है कि वे खुद और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहें। पार्टी ने कहा कि सरकार के “चारों इंजन” जनता की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हुए हैं, इसलिए लोगों को खुद ही सावधानी बरतनी होगी।

दिनदहाड़े हत्याओं का आरोप

अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं, अपराधी सड़कों पर खुलेआम वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और दिल्ली पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसे हालात कब तक चलते रहेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *