KNEWS DESK – साल 2026 की शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों का सिलसिला शुरू हो चुका है, लेकिन इस वक्त इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा नजरें मार्च महीने पर टिकी हुई हैं। वजह साफ है, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और यश की ‘टॉक्सिक’ के बीच होने वाला साल का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश। इन दो दिग्गज फिल्मों के आमने-सामने आने की खबर के बाद से ही कई मेकर्स ने अपनी फिल्मों की रिलीज डेट में फेरबदल शुरू कर दिया है।
बड़ी फिल्मों से बच रहे मेकर्स
मार्च में पहले कई और फिल्मों की रिलीज प्लान की गई थी, लेकिन धीरे-धीरे सभी ने कदम पीछे खींच लिए। सबसे पहले अजय देवगन ने अपनी फिल्म ‘धमाल 4’ को इस स्लॉट से हटाकर नई रिलीज डेट अनाउंस की। इसके बाद अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ भी आगे बढ़ा दी गई। अब इसी लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है—मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘डकैत’।
पहले भी टल चुकी है ‘डकैत’
आदिवी शेष, मृणाल ठाकुर और अनुराग कश्यप स्टारर ‘डकैत’ का दमदार टीजर दिसंबर में बड़े लेवल पर लॉन्च किया गया था। शुरुआत में फिल्म को 25 दिसंबर 2025 को रिलीज करने की योजना थी। हालांकि, शूटिंग के दौरान आदिवी शेष के घायल हो जाने की वजह से फिल्म की शूटिंग रुक गई और रिलीज डेट पोस्टपोन करनी पड़ी। इसके बाद मेकर्स ने 19 मार्च 2026 को नई रिलीज डेट तय की, लेकिन उसी समय ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ के साथ सीधा मुकाबला होने वाला था। ऐसे में मेकर्स ने एक बार फिर फिल्म को आगे बढ़ाने का फैसला लिया।
अब कब रिलीज होगी ‘डकैत’?
हाल ही में सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च में पहले से ही कई बड़ी फिल्मों की रिलीज अनाउंस हो चुकी है। इसी को देखते हुए ‘डकैत’ के मेकर्स ने रणनीति बदलते हुए फिल्म की नई रिलीज डेट तय की है। अब यह पैन-इंडिया एक्शन एंटरटेनर 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यानी ‘धुरंधर 2’ के करीब 19 दिन बाद फिल्म दर्शकों के सामने आएगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘डकैत’ की टीम रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और यश की ‘टॉक्सिक’ के साथ-साथ उनकी क्रिएटिव टीम्स का भी सम्मान करती है। यही वजह है कि मेकर्स इन दोनों बड़ी फिल्मों के साथ अपनी फिल्म को क्लैश नहीं कराना चाहते। ट्रेड सोर्स का मानना है कि रिलीज डेट आगे बढ़ाना इस बात का संकेत है कि मेकर्स को फिल्म के कंटेंट पर पूरा भरोसा है।