KNEWS DESK – भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ सिर्फ अपनी फिल्मों की वजह से ही नहीं, बल्कि अपने सादगी भरे व्यक्तित्व के कारण भी फैंस के दिलों पर राज करते हैं। दमदार एक्टिंग, देसी अंदाज और डाउन-टू-अर्थ नेचर ने उन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री से निकलकर हिंदी बेल्ट तक खास पहचान दिलाई है। यही वजह है कि एक बार खुद सलमान खान भी उनके मुरीद हो गए थे और नेशनल टीवी पर निरहुआ की खुलकर तारीफ की थी।
बिग बॉस में दिखी निरहुआ की सादगी
निरहुआ साल 2012 में आए बिग बॉस सीजन 6 का हिस्सा बने थे, जिसे सलमान खान होस्ट कर रहे थे। उस समय तक वह भोजपुरी सिनेमा में खुद को एक बड़े स्टार के तौर पर साबित कर चुके थे। हालांकि, शो में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा और वह करीब एक हफ्ते तक ही घर में टिक पाए, लेकिन इतने कम समय में भी उन्होंने दर्शकों और होस्ट सलमान खान पर गहरी छाप छोड़ दी थी।
लड़ाई-झगड़े से दूर, शांत अंदाज में आए नजर
आमतौर पर बिग बॉस के घर में कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी बहस, झगड़े और ड्रामा देखने को मिलता है, लेकिन निरहुआ इससे बिल्कुल अलग नजर आए। वह पूरे समय शांत, शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करते दिखे। उनकी यही सादगी सलमान खान को इतनी पसंद आई कि उन्होंने ऑन-एयर उनकी तारीफ करते हुए कहा था कि इतनी शोहरत हासिल करने के बाद भी कोई इंसान इतना विनम्र और जमीन से जुड़ा कैसे रह सकता है।
भोजपुरी से राजनीति तक का सफर
साल 2008 से भोजपुरी सिनेमा में सक्रिय निरहुआ ने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी हैं। एक्टिंग के साथ-साथ उन्होंने राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई। वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ सीट से उन्हें अखिलेश यादव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2022 के उपचुनाव में उन्होंने वापसी करते हुए जीत दर्ज की और सांसद बने।