फिर होगी बारिश…. यात्रा करने से पहले जानें उत्तर भारत में कब तक रहेगी हाड़ कपाने वाली ठंड?

KNEWS DESK- देश के उत्तरी राज्यों पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में मौसम लगातार सर्द बना हुआ है। बर्फबारी के बाद उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 7 दिन में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र तीन पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस से प्रभावित रहेगा आसान भाषा में कहें तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ओला-बारिश और सर्द हवाएं चलेंगी। ऐसे में विशेष चेतावनी ये है कि जो लोग लंबी दूरी की यात्रा या पहाड़ों की ट्रिप पर जा रहे हैं, उन्हें इस मौसम को ध्यान में रखते हुए योजना बनानी चाहिए।

उत्तर से आनी वाली हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठंड और बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब-चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह 6:30 बजे आदमपुर, अंबाला, कानपुर, बरेली, प्रयागराज और ग्वालियर में विजिबिलिटी जीरो रही। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। पड़ोसी राज्य हरियाणा और चंडीगढ़ में भी ऐसे ही हालात रहने की संभावना है।

मौसम की स्थिति

5 फरवरी– दिल्ली में घने कोहरे का यलो अलर्ट, पंजाब के 15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, मध्य प्रदेश के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट।

6 फरवरी– हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में हल्की बर्फबारी की चेतावनी, शिमला, मंडी और कांगड़ा में बारिश का अलर्ट।

मौसम विशेषज्ञों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे मौसम और अलर्ट को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और जरूरत पड़ने पर अपने ट्रैवल शेड्यूल में बदलाव करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *