KNEWS DESK- संसद का बजट सत्र गत 28 जनवरी से चल रहा है। छठे दिन की कार्यवाही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे। वहीं, राज्यसभा में इस पर चर्चा जारी है।
पिछले दिन यानी मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई थी। विपक्षी नेता राहुल गांधी ने एक मैगजीन का हवाला देते हुए अप्रकाशित किताब के अंशों को उद्धृत करने की अनुमति मांगी, जिस पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है।
हंगामे के दौरान लोकसभा में नारेबाजी का दौर जारी रहा। स्पीकर ओम बिरला को कार्यवाही संचालन में दिक्कत होने के कारण सदन को स्थगित करना पड़ा। प्रश्नकाल के दौरान झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के असर पर सवाल उठाया। केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने इन सवालों का जवाब दिया।
स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से मर्यादित आचरण बनाए रखने की अपील की और कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सभी सांसदों का दायित्व है। हंगामा कम न होने पर कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर सरकार की तरफ से आधिकारिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि समझौते में भारत के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। सरकार किसानों और देश के कारोबारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
गोयल ने पहले भी प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में देशहित को प्राथमिकता दी और किसी भी तरह के समझौते में देशहित से समझौता नहीं होने दिया गया।