यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा का शेड्यूल जारी, 8 से 10 जून तक होंगे एग्जाम

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट एंड प्रमोशन बोर्ड (UPPRPB) ने कांस्टेबल भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड के मुताबिक, यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षाएं तीन दिन तक चलेंगी और हर दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,679 पदों पर कांस्टेबलों की नियुक्ति की जानी है। इनमें आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला), आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष), आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष), महिला बटालियन के लिए महिला आरक्षी, आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) और जेल वार्डर (पुरुष एवं महिला) के पद शामिल हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 जनवरी 2026 तक पूरी की गई थी।

लिखित परीक्षा का पूरा पैटर्न

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे की होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न 2 अंकों का होगा। इस बार उम्मीदवारों के लिए राहत की बात यह है कि नेगेटिव मार्किंग की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है, यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे।

सिलेबस क्या होगा?

लिखित परीक्षा में चार प्रमुख विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे—

  • सामान्य ज्ञान
  • सामान्य हिंदी
  • संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता
  • मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता

इन विषयों के आधार पर उम्मीदवारों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य समझ और विश्लेषणात्मक सोच का आकलन किया जाएगा।

कैटेगरी वाइज पासिंग मार्क्स

लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को ही अगले चरण यानी फिजिकल टेस्ट में शामिल किया जाएगा। UPPRPB ने कैटेगरी के अनुसार न्यूनतम पासिंग मार्क्स तय किए हैं—

  • जनरल वर्ग: 30% (300 में से 90 अंक)
  • EWS: 25% (75 अंक)
  • OBC: 25% (75 अंक)
  • SC/ST: 20% (60 अंक)

सिलेक्शन प्रोसेस कैसे होगा?

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 की चयन प्रक्रिया कुल पांच चरणों में पूरी होगी। पहले चरणों के बाद तीसरे चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद चौथे चरण में फिजिकल टेस्ट होगा, जिसमें केवल लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार ही शामिल हो सकेंगे। अंतिम चरण में मेडिकल परीक्षण और मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *