डिजिटल डेस्क- कहते हैं नशा इंसान की सोच, समझ और संवेदनाओं को खत्म कर देता है। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से आई यह घटना इस कहावत को एक बार फिर सच साबित करती है। यहां शराब के नशे में डूबे एक बेटे ने पैसों के लिए अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यह दिल दहला देने वाली घटना रामपुर जनपद के शाहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम जागेश्वर की है। मृतका की पहचान माया देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका ही बेटा राजू भारती है। मामले में मृतका की बेटी रोनी ने अपने सगे भाई के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
घर पर पड़ी ईंट से किया हमला
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी राजू भारती शराब पीने का आदी है। घटना वाले दिन उसने अपनी मां माया देवी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मां ने जब पैसे देने से इनकार किया तो राजू गुस्से से आगबबूला हो गया। नशे और गुस्से में उसने घर में पड़ी ईंट उठाई और मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ईंट से किए गए हमले में माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका हाथ टूट गया और हालत बेहद नाजुक हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बाहर ले गए और बाद में मेरठ में भर्ती कराया गया। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद माया देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
भाई ने ही कराई भाई की एफआईआर
मां की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बेटी रोनी ने हिम्मत जुटाकर अपने ही भाई के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी राजू भारती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर अनुराग सिंह ने बताया कि शाहाबाद क्षेत्र में एक युवक ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपनी मां पर ईंट से हमला किया था। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और उनकी मेरठ में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। आरोपी की बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।