एयर इंडिया का अलर्ट मोड, बोइंग 787 विमानों के ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच शुरू

डिजिटल डेस्क- एयर इंडिया ने अपने बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों के ईंधन नियंत्रण स्विच की व्यापक जांच शुरू कर दी है। यह कदम उस घटना के बाद उठाया गया है, जिसमें लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए संचालित एक बोइंग 787 विमान में ईंधन नियंत्रण स्विच से जुड़ी खराबी सामने आई थी। सूत्रों के अनुसार, इस तकनीकी खामी को गंभीरता से लेते हुए एयरलाइन ने एहतियातन पूरे बेड़े की दोबारा जांच का फैसला किया है। फिलहाल एयर इंडिया के पास कुल 33 बोइंग 787 विमान हैं। सूत्रों का कहना है कि एयर इंडिया के उड़ान संचालन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष उप्पल ने बोइंग 787 के पायलटों को इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जिस विमान में ईंधन नियंत्रण स्विच की समस्या पाई गई, उसे प्राथमिकता के आधार पर इंजीनियरिंग मूल्यांकन के लिए बोइंग को भेजा गया है। एयरलाइन की तकनीकी टीम ने इस मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की है, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को समय रहते टाला जा सके।

विमानों के सुरक्षित संचालन के लिए उठाया गया है कदम

मनीष उप्पल ने पायलटों को भेजे गए एक ईमेल में कहा कि जब तक इस मुद्दे पर बोइंग की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आ जाती, तब तक एयर इंडिया के इंजीनियर अत्यधिक सावधानी बरतते हुए ईंधन नियंत्रण स्विच की बेड़े-वार एहतियाती जांच कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है और इसका उद्देश्य विमानों के सामान्य और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करना है। ईमेल में यह भी बताया गया कि जिन बोइंग 787 विमानों की जांच अब तक पूरी हो चुकी है, उनमें किसी भी तरह का प्रतिकूल या चिंताजनक परिणाम सामने नहीं आया है। इससे संकेत मिलता है कि फिलहाल यह समस्या किसी एक विमान तक सीमित हो सकती है, हालांकि एयर इंडिया किसी भी तरह की जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने के बजाय पूरी जांच प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करना चाहती है।

केबिन क्रू और अन्य स्टॉफ को दिए सतर्क रहने के निर्देश

एयर इंडिया ने अपने उड़ान और केबिन क्रू को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एयरलाइन ने कहा है कि संचालन के दौरान अगर किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या असामान्य स्थिति नजर आती है, तो उसकी तुरंत रिपोर्ट की जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि विमान अपने नियंत्रण में लेने से पहले सभी आवश्यक चेक और प्रक्रियाएं पूरी तरह से पूरी की जाएं। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब एयर इंडिया ने बोइंग 787 के ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच कराई हो। पिछले साल अहमदाबाद में बोइंग 787-8 विमान के भीषण हादसे के बाद भी एयरलाइन ने इसी तरह की जांच कराई थी। उस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद विमान सुरक्षा और तकनीकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *