लखनऊ में कानून को खुली चुनौती, गोमतीनगर विस्तार में बिना नंबर की थार से स्टंटबाज़ी, बैरिकेडिंग तोड़ने का वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क- लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार इलाके में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो ने राजधानी में बढ़ती स्टंटबाज़ी, वीआईपी रोड्स पर लापरवाह ड्राइविंग और कानून के डर के खत्म होते असर को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की थार गाड़ी से न सिर्फ तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ रहा है, बल्कि पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को भी जोरदार टक्कर मारकर उड़ाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गोमतीनगर विस्तार की जी-20 रोड का है, जो राजधानी की प्रमुख और संवेदनशील सड़कों में गिनी जाती है। वीडियो में थार सवार युवक बेखौफ अंदाज में गाड़ी चलाते हुए पहले पुलिस बैरिकेडिंग को टक्कर मारता है और उसके बाद चलती गाड़ी से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता दिखाई देता है। यह पूरी हरकत न सिर्फ उसकी जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को भी सीधे तौर पर जोखिम में डालती है।

घटना का वीडियो बनाकर खुद ही किया वायरल

हैरानी की बात यह है कि युवक ने इस पूरी घटना की रील खुद बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही लोग पुलिस की कार्यप्रणाली और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने लगे। आम लोगों का कहना है कि जब इस तरह खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, तो इससे गलत संदेश जाता है और ऐसे स्टंटबाज़ों के हौसले और बढ़ते हैं। मामले को लेकर इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर थार सवार युवक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह जांच की जा रही है कि गाड़ी किसके नाम पर रजिस्टर्ड है और बिना नंबर प्लेट के वाहन सड़क पर कैसे दौड़ रहा था।

सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल में जुटी पुलिस

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिखाई गई हरकतें गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है, जिस पर यह वीडियो पोस्ट किया गया था। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के वक्त इलाके में कोई पुलिस गश्त मौजूद थी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *