KNEWS DESK – रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर भी जबरदस्त तहलका मचा दिया है. थिएटर में रिकॉर्डतोड़ कमाई करने के बाद फिल्म को नेटफ्लिक्स पर भी शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसी बीच फैंस बेसब्री से इसके दूसरे पार्ट ‘धुरंधर 2’ का इंतजार कर रहे हैं.
हालांकि मेकर्स पहले ही फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर चुके हैं, लेकिन अब फैंस की नजरें टीजर पर टिकी हैं. इसी बीच फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया है, जिसने एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है.
आदित्य धर ने दिया बड़ा हिंट
2 फरवरी की शाम आदित्य धर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिर्फ इतना लिखा, “कल 12:12 बजे” उन्होंने पोस्ट में किसी फिल्म का नाम नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि यह इशारा सीधे तौर पर ‘धुरंधर 2’ के टीजर की ओर है. अगर कयास सही साबित होते हैं, तो फिल्म का टीजर 3 फरवरी दोपहर 12:12 बजे रिलीज किया जा सकता है. इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर टीजर को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

‘धुरंधर 2’ से फैंस को बड़ी उम्मीदें
फिल्म की स्टारकास्ट पहले ही इशारा कर चुकी है कि पहला पार्ट सिर्फ ट्रेलर था और असली कहानी ‘धुरंधर 2’ में सामने आएगी. ऐसे में दर्शकों को उम्मीद है कि आने वाला टीजर पहले से भी ज्यादा दमदार और थ्रिल से भरपूर होगा.
अक्षय खन्ना बने पहले पार्ट के हीरो
अगर ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट में किसी एक्टर को सबसे ज्यादा तारीफ मिली, तो वो थे अक्षय खन्ना. उन्होंने फिल्म में रहमान डकैत का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. हालांकि फिल्म के अंत में उनके किरदार की मौत दिखाई गई थी, जिसके बाद यह माना जा रहा था कि वो दूसरे पार्ट में नजर नहीं आएंगे.
लेकिन हालिया रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स ‘धुरंधर 2’ में अक्षय खन्ना को वापस लाने की तैयारी कर रहे हैं. कहा जा रहा है कि दूसरे पार्ट में रहमान डकैत की बैकस्टोरी दिखाई जाएगी, जो कहानी को और गहराई देगी.
बॉक्स ऑफिस से ओटीटी तक धमाका
‘धुरंधर’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. थिएटर में शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म 30 जनवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, जहां इसे जबरदस्त व्यूअरशिप मिल रही है. अब सभी की नजरें ‘धुरंधर 2’ पर टिकी हैं, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है.