KNEWS DESK – टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने ऐलान किया है कि उसकी टीम टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेलेगी। 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में प्रस्तावित इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के बहिष्कार के फैसले से वर्ल्ड क्रिकेट में हलचल मच गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पाकिस्तान के इस कदम पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) क्या रुख अपनाएगी।
पाकिस्तानी फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस मुद्दे पर पाकिस्तान की मशहूर यूट्यूबर सना अमजद ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह सड़कों पर उतरकर आम लोगों से उनकी राय पूछती नजर आती हैं। वीडियो में कई पाकिस्तानी फैंस सरकार के फैसले के समर्थन में दिखे। एक शख्स ने कहा, “हम भूखे मर जाएंगे, लेकिन भारत के खिलाफ क्रिकेट नहीं खेलेंगे। पैसे से ज्यादा इज्जत मायने रखती है।” वहीं, कुछ लोगों ने इसे बांग्लादेश से जुड़े मुद्दे से जोड़ते हुए कहा कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ कथित नाइंसाफी के कारण यह फैसला लिया है।
बांग्लादेश के समर्थन में उतरे पाकिस्तानी
कई पाकिस्तानी फैंस का मानना है कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच न्यूट्रल वेन्यू पर हो सकता है, तो बांग्लादेश को भी ऐसा ही मौका मिलना चाहिए। लोगों का आरोप है कि भारत और ICC ने मिलकर बांग्लादेश के साथ गलत किया है, इसी वजह से पाकिस्तान सरकार बांग्लादेश के समर्थन में खड़ी है। एक शख्स ने कहा, “बांग्लादेश हमारे भाई हैं, उनके साथ कुछ गलत होगा तो हम उनके साथ खड़े रहेंगे।” हालांकि, कुछ फैंस ने यह भी कहा कि क्रिकेट को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए और पाकिस्तान को भारत के खिलाफ खेलना चाहिए।
जर्सी लॉन्च पर भी बवाल
विवाद यहीं नहीं थमा। रविवार को पाकिस्तान क्रिकेट टीम की नई जर्सी लॉन्च होनी थी, लेकिन इसे टाल दिया गया। सना अमजद से बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि जर्सी पर भारत की जगह श्रीलंका का नाम लिखा जाना चाहिए, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे हैं।
भारतीय दिग्गजों की सख्त प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के इस फैसले पर भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सुनील गावस्कर ने ICC से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पूर्व क्रिकेटर मदनलाल ने कहा कि पाकिस्तान को इस फैसले के गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।