KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग की घटना ने इंडस्ट्री से लेकर आम लोगों तक को हिला कर रख दिया है. इस सनसनीखेज वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े वांटेड गैंगस्टर शुभम लोनकर ने ली है. घटना के बाद से ही पुलिस और क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड पर हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. इसी बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि फायरिंग के वक्त रोहित शेट्टी कहां थे?
फायरिंग के समय घर पर ही मौजूद थे रोहित शेट्टी
जानकारी के मुताबिक, जिस वक्त रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग हुई, उस समय वह अपने घर में ही मौजूद थे. बताया जा रहा है कि रोहित अपनी बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर थे और आराम कर रहे थे. गोलीबारी के दौरान वह घर के अंदर सो रहे थे. राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में रोहित शेट्टी को किसी तरह की चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं.
शुरुआत में पटाखों की आवाज समझ बैठे गार्ड
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा गार्ड को पहले लगा कि कहीं आसपास पटाखे फूट रहे हैं. लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तो साफ हो गया कि अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की थी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर तुरंत एक्शन लिया गया.
जांच में जुटी क्राइम ब्रांच, चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने 12 अलग-अलग टीमों का गठन किया है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं. पुलिस ने रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज कर लिया है. इस केस में पुणे से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ अभी भी जारी है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर बॉलीवुड सेलेब्स
गौर करने वाली बात यह है कि रोहित शेट्टी पहले ऐसे सेलेब्रिटी नहीं हैं, जिनका नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मामलों में सामने आया हो. इससे पहले अभिनेता सलमान खान और कॉमेडियन कपिल शर्मा भी इस गैंग के निशाने पर रह चुके हैं. अब रोहित शेट्टी का नाम जुड़ने से इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.