अंडर-19 वनडे विश्व कप 2026: भारत का सेमीफाइनल में मुकाबला अफगानिस्तान से, सुपर सिक्स में पाकिस्तान को हराकर बनाई जगह

KNEWS DESK- आईसीसी अंडर-19 वनडे विश्व कप 2026 में भारत का सेमीफाइनल मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ होगा। पांच बार की अंडर-19 विश्व चैंपियन भारतीय टीम ने सुपर सिक्स में लगातार जीत के दम पर अंतिम चार में प्रवेश किया है। भारत ने पाकिस्तान को 58 रन से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

युवा ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 29 गेंद में 35 रन बनाए और आठवें विकेट के लिए खिलान पटेल (21 रन, 15 गेंद) के साथ 50 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। टीम ने 49.5 ओवर में 252 रन बनाए। पाकिस्तान को 33.3 ओवर में लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन उनकी टीम 46.2 ओवर में 194 रन पर आउट हो गई।

दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने फैसल शिनोजादा और कप्तान महबूब खान की धमाकेदार पारियों के दम पर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 191 रन से हराया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए अफगानी टीम ने 7 विकेट खोकर 315 रन बनाए। फैसल शिनोजादा ने 142 गेंद में 19 चौकों की मदद से 163 रन बनाए, जबकि कप्तान महबूब खान ने 79 गेंद में 89 रन की पारी खेली। जवाब में आयरलैंड 40.4 ओवर में 124 रन पर ऑल आउट हो गया।

भारत और अफगानिस्तान के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 4 फरवरी, बुधवार, को जिम्बाब्वे के क्वींस पार्क, बुलवायो में भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। इस मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी।

दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम अफगानिस्तान को हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी, क्योंकि अफगानी टीम ने इस टूर्नामेंट में पांच में से चार मुकाबले जीते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *