‘संत हमेशा समानता की बात करते हैं’, पंजाब से बोले PM मोदी, आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर रखा श्री गुरु रविदास एयरपोर्ट

KNEWS DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पंजाब के जालंधर स्थित रविदासिया समाज के सबसे बड़े धार्मिक केंद्र डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे। यहां उन्होंने संत निरंजन दास के चरण छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान करते हुए आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास एयरपोर्ट करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने लुधियाना के हलवारा में बने इंटरनेशनल एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।

पंजाबी में संबोधन, गुरु रविदास की वाणी का किया पाठ

पीएम मोदी ने करीब 33 मिनट तक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत पंजाबी भाषा में करते हुए कहा कि वह पंजाब की धरती को नमन करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका रिश्ता गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से जुड़ा है। इस दौरान उन्होंने गुरु रविदास जी की वाणी से तीन श्लोक पढ़े और काशी, मध्यप्रदेश व पंजाब में संत रविदास से जुड़ी सेवाओं का उल्लेख किया।
पीएम ने दोहराया कि आदमपुर हवाई अड्डे का नाम अब श्री गुरु रविदास जी महाराज के नाम पर रखा गया है, जो समाज के लिए सम्मान की बात है।

समाज को एकजुट करने का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को एकजुट करने का काम किया। उन्होंने समानता और भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। पीएम ने बताया कि भाजपा सरकार ने संत निरंजन दास को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के जन्म को छह शताब्दियां बीत चुकी हैं, लेकिन उनके विचार आज भी समाज को दिशा दिखाते हैं।
पीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि इसी भावना के तहत अयोध्या एयरपोर्ट का नाम भी महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है।

खेलो इंडिया से पंजाब को मिलेगा फायदा

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने केंद्रीय बजट का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें क्षेत्रीय खेलों पर खास ध्यान दिया गया है। पंजाब पहले से ही खेलों के क्षेत्र में आगे रहा है और ‘खेलो इंडिया’ योजना से राज्य को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जालंधर खेल उद्योग के लिए जाना जाता है और नया बजट यहां के खेल कारोबार को नई मजबूती देगा।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

पीएम मोदी ने यूरोपीय संघ के साथ हुए समझौते का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब भारतीय व्यापारी 27 यूरोपीय देशों में अपना सामान बेच सकेंगे। इससे जालंधर, मोगा और फिरोजपुर जैसे इलाकों के व्यापारियों को सीधा फायदा होगा और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि अब पंजाब में बने कपड़े और अन्य उत्पाद यूरोप के बाजारों तक पहुंचेंगे।

कार्यक्रम के दौरान डेरा सचखंड बल्लां के प्रबंधक ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से पूरा समाज बेहद खुश है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब कोई प्रधानमंत्री डेरा सचखंड बल्लां आया है, जो उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *