KNEWS DESK- टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़े विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जहां एक ओर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की टूर्नामेंट में हिस्सेदारी को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है, वहीं दूसरी ओर टीम के एक खिलाड़ी पर बेईमानी के आरोप लगने से नया विवाद खड़ा हो गया है।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुने गए पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक एक बार फिर अपने बॉलिंग एक्शन को लेकर सुर्खियों में हैं। यह विवाद वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले के दौरान सामने आया।
मैच में ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान कैमरन ग्रीन तेज़ रन बटोर रहे थे। 11वें ओवर में उस्मान तारिक गेंदबाजी के लिए आए और चौथी ही गेंद पर ग्रीन को आउट कर दिया। बड़े शॉट की कोशिश में ग्रीन अपना विकेट गंवा बैठे।
आउट होने के बाद पवेलियन लौटते समय कैमरन ग्रीन ने पत्थर फेंकने की नकल की, जिसे उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर तंज माना गया। यही इशारा सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और तारिक पर बीच मैच बेईमानी करने के आरोप लगने लगे।
ग्रीन के इस इशारे के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई। एक वर्ग ने उस्मान तारिक के एक्शन को संदिग्ध बताते हुए उन्हें बेईमान करार दिया। वहीं कई यूजर्स ने कैमरन ग्रीन की हरकत को खेल भावना के खिलाफ बताते हुए उनकी आलोचना की।
दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज उस्मान तारिक का एक्शन पारंपरिक स्पिनर्स से अलग है। वह गेंद डालने से पहले हल्का सा रुकते हैं। हाथ को कंधे के ऊपर से लाने के बजाय साइड से रिलीज करते हैं। यह एक्शन कुछ हद तक पत्थर फेंकने जैसा नजर आता है।