डिजिटल डेस्क- बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा इलाके में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने यात्रियों से भरे एक ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। यह दर्दनाक हादसा बिहटा थाना क्षेत्र के लेखन टोला के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी लोग मनेर में आयोजित उर्स मेले से लौट रहे थे और भोजपुर जिले की ओर जा रहे थे। जैसे ही ऑटो लेखन टोला के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दी।
ऑटो में फंसे शवों को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ शव ऑटो के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। मृतकों में तीन पुरुष और दो महिलाएं बताई जा रही हैं, जबकि घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
ट्रक चालक मौके से फरार
बच्चों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों को तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना की मुख्य वजह हो सकती है। सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।