KNEWS DESK- देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में अपना नौवां केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट से पहले राजधानी में हलचल तेज है और सरकार की ओर से कई अहम संकेत सामने आ चुके हैं। सुबह वित्त मंत्री अपने आधिकारिक आवास से रवाना हुईं और तय कार्यक्रम के अनुसार वित्त मंत्रालय पहुंचेंगी।
वित्त मंत्री सुबह 9 बजे राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बजट को लेकर औपचारिक मंजूरी लेंगी। इसके बाद वह संसद भवन जाएंगी, जहां सुबह 10 बजे कैबिनेट बैठक होगी। इस बैठक में बजट प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी दी जाएगी। सुबह 11 बजे वित्त मंत्री लोकसभा में बजट पेश करेंगी।
इस बजट में सरकार से कई बड़ी घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है। खासतौर पर पीएम-किसान योजना को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि किसानों को दी जाने वाली वार्षिक सहायता राशि को 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया जा सकता है। बीते 2–3 वर्षों से इस प्रस्ताव पर विचार चल रहा है।
एक ऐतिहासिक बदलाव के तहत इस साल बजट से जुड़ी प्रक्रिया में भी परिवर्तन किया गया है। परंपरागत नॉर्थ ब्लॉक की जगह अब बजट से संबंधित कार्यक्रम और फोटो सेशन सेंट्रल विस्टा कॉम्प्लेक्स स्थित नए वित्त मंत्रालय भवन (कर्तव्य भवन) में आयोजित किए जा रहे हैं।
बजट से पहले वित्त मंत्रालय के सभी पांच विभागों के सचिव कर्तव्य भवन पहुंच चुके हैं। वहीं वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मंत्रालय में मौजूद हैं। बजट पेश करने के बाद वित्त मंत्री देशभर के करीब 30 कॉलेजों से आए छात्रों से संवाद करेंगी और उनके सवालों के जवाब देंगी।
देश की अर्थव्यवस्था, महंगाई, रोजगार, किसानों और मध्यम वर्ग को लेकर इस बजट पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। अब सभी को इंतजार है कि वित्त मंत्री का यह नौवां बजट किन उम्मीदों पर खरा उतरता है।