KNEWS DESK – बिग बॉस 19 के विनर गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला को लेकर बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तलाक की अफवाहें तेज थीं. एक क्रिप्टिक पोस्ट के बाद लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि दोनों के रिश्ते में दरार आ गई है. अब इन तमाम अटकलों पर आकांक्षा चमोला ने खुद सामने आकर सच बता दिया है और अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगाने की कोशिश की है.
दरअसल, कुछ समय पहले आकांक्षा ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया था, जिसमें लिखा था कि जब रिश्ते जरूरतों पर टिके हों, तो दिल को कुर्बानी देनी पड़ती है. इस पोस्ट को देखकर फैंस हैरान रह गए और इसे गौरव खन्ना से जोड़कर देखने लगे. इसके बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या बिग बॉस विनर और उनकी पत्नी तलाक लेने वाले हैं.
इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए आकांक्षा ने साफ कहा कि उनके और गौरव के बीच सब कुछ बिल्कुल ठीक है. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि उस पोस्ट का उनके पति से कोई लेना-देना नहीं था और उसे गलत तरीके से पेश किया गया. आकांक्षा के मुताबिक, वह पोस्ट उनकी आने वाली सीरीज के प्रमोशन का हिस्सा थी, लेकिन लोगों ने बिना पूरी बात जाने उसे निजी जिंदगी से जोड़ दिया.
https://www.instagram.com/p/DUA6Cm0iax9/
आकांक्षा ने यह भी कहा कि वह सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनल लाइफ को डिस्कस करने वालों में से नहीं हैं. उनके अनुसार, किसी भी पोस्ट का मतलब अलग-अलग तरीके से निकाला जा सकता है, लेकिन इस मामले में बात को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया.
क्रिप्टिक पोस्ट के बाद आकांक्षा को ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा. कुछ यूजर्स ने इस विवाद को मां बनने के मुद्दे से जोड़ते हुए उन पर सवाल उठाए. इस पर उन्होंने बेबाकी से जवाब देते हुए कहा कि मां बनना या न बनना उनकी निजी पसंद है और इसके लिए उन्हें किसी को भी सफाई देने की जरूरत नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि गौरव उन्हें पूरी तरह समझते हैं और हमेशा उनका साथ देते हैं.