KNEWS DESK – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान क्रिकेट के बड़े शौकीन माने जाते हैं और अक्सर बड़े मैचों के दौरान स्टेडियम में नजर आते हैं. इन दिनों मुंबई में इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) 2026 का आयोजन चल रहा है, जहां सितारों का जमावड़ा लगा हुआ है. अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन और राम चरण के बाद अब सलमान खान भी इस लीग का हिस्सा बनने पहुंचे. हालांकि इस बार सलमान की मौजूदगी से ज्यादा चर्चा एक मजेदार वाकये की हो रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ISPL मैच देखने पहुंचे सलमान खान
सलमान खान जैसे ही ISPL मैच देखने स्टेडियम पहुंचे, फैंस की भीड़ बेकाबू हो गई. हर कोई भाईजान की एक झलक कैमरे में कैद करने को बेताब नजर आया. सलमान इस दौरान अपनी बहन अर्पिता खान शर्मा के साथ मैदान पर उतरे और खिलाड़ियों से मुलाकात भी की. सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन तभी मैदान पर मौजूद एक रोबोट ने ऐसा रिएक्शन दिया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
https://www.instagram.com/reels/DUKV7vrEYEH/
जब रोबोट ने किया सलमान को इग्नोर
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सलमान खान बाउंड्री के पास खड़े हैं. उनके आसपास खिलाड़ी मौजूद हैं और पास ही एक रोबोट भी खड़ा है. सलमान मजाकिया अंदाज में रोबोट से हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाते हैं, लेकिन रोबोट कोई प्रतिक्रिया नहीं देता. सलमान दोबारा कोशिश करते हैं, लेकिन इस बार भी रोबोट उन्हें नजरअंदाज कर देता है. तीसरी बार हाथ बढ़ाने पर आखिरकार रोबोट सलमान से हाथ मिला लेता है. यह पूरा पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वीडियो वायरल होते ही फैंस ने कमेंट्स की बाढ़ ला दी. एक यूजर ने लिखा, “रोबोट की फील्डिंग पहले से सेट है.” वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “रोबोट और उसे बनाने वाले दोनों का करियर खत्म.” एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “रोबोट का भी एटीट्यूड है भाई.” सलमान खान का यह फनी मोमेंट फैंस को खूब एंटरटेन कर रहा है और ISPL 2026 की चर्चा को और भी मजेदार बना रहा है.