नीट छात्रा की मौत की CBI जांच पर सियासी घमासान, तेजस्वी यादव ने बोला NDA सरकार पर तीखा हमला

डिजिटल डेस्क- बिहार की राजधानी पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में राज्य सरकार द्वारा सीबीआई जांच की सिफारिश किए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस फैसले को लेकर एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह फैसला न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता नहीं, बल्कि राज्य सरकार के “करप्ट और कंप्रोमाइज्ड तंत्र” की नाकामी का प्रमाण है। शनिवार को जारी अपने बयान में तेजस्वी यादव ने कहा कि एक छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर मामले का खुलासा करने के बजाय सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपकर यह स्वीकार कर लिया है कि बिहार की पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था अयोग्य, अदक्ष और पूरी तरह अनप्रोफेशनल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जो सरकार एक जघन्य अपराध को सुलझाने में असफल है, वह कानून-व्यवस्था के दावे किस मुंह से करती है।

नवरुणा कांड का दिया उदाहरण

तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस से ज्यादा यह सरकार अपराधियों को पकड़ने की “डींगे हांकने” में माहिर है। मुख्यमंत्री और मंत्री दिन-रात अपराध नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच की घोषणा दरअसल हेडलाइन मैनेजमेंट है, ताकि सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान भटका सके। नेता प्रतिपक्ष ने नवरुणा कांड का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे कई मामले हैं, जिनमें सीबीआई 12-13 वर्षों तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई और बाद में जांच बंद कर दी गई। तेजस्वी ने सवाल किया कि क्या इस मामले में भी वही दोहराया जाएगा? चुनाव के समय “जंगलराज” का शोर मचाने वाले अब कहां हैं? बिहार की ध्वस्त और भ्रष्ट कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी सीबीआई जांच कराने की अनुशंसा की जानकारी

गौरतलब है कि इस बहुचर्चित मामले की जांच पहले विशेष जांच टीम (SIT) कर रही थी। एसआईटी ने जांच के दौरान कई लोगों को हिरासत में भी लिया था और पूछताछ की जा रही थी। इसी बीच मृतका के परिजनों ने शुक्रवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी। शनिवार सुबह उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि राज्य सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा की है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *