KNEWS DESK- टी20 विश्व कप शुरू होने से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इसके साथ ही शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट को भी 15 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दोनों खिलाड़ियों की जगह टीम में बेन ड्वारशुइस और मैथ्यू रेनशॉ को शामिल किया है।
पैट कमिंस लंबे समय से चोट से जूझ रहे थे। इंग्लैंड के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज के दौरान वह ज्यादातर मुकाबले नहीं खेल पाए थे। उम्मीद जताई जा रही थी कि वह टी20 विश्व कप के जरिए मैदान पर वापसी करेंगे, लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत में अब सिर्फ सात दिन का समय बचा है और कमिंस पूरी तरह फिट नहीं हो सके। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बाहर रखने का फैसला लिया। कमिंस का बाहर होना ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि वह टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक हैं।
इस बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए राहत की खबर भी आई है। जोश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस ने टी20 विश्व कप से पहले फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है।
हेजलवुड एशेज से पहले हैमस्ट्रिंग चोट के कारण मैदान से दूर थे।
टिम डेविड चोट की वजह से बिग बैश लीग और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज नहीं खेल पाए थे।
नाथन एलिस भी बिग बैश लीग फाइनल और पाकिस्तान दौरे से बाहर रहे थे।
इन तीनों का फिट होना टीम संतुलन के लिए अहम माना जा रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। टी20 विश्व कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है, जिसके मुकाबले भारत और श्रीलंका में खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया को टी20 विश्व कप के ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उसका सामना ओमान, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका से होगा। कंगारू टीम अपने अभियान की शुरुआत 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो में करेगी।
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहेनमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा।