KNEWS DESK- देश की अर्थव्यवस्था के लिए अहम माने जाने वाला केंद्रीय बजट 2026 शनिवार 1 फरवरी को पेश किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे संसद में बजट भाषण देंगी। यह बजट कई मायनों में खास होने जा रहा है, क्योंकि निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार बजट पेश करने वाली भारत की पहली वित्त मंत्री बनेंगी।
इस बार बजट का दिन इसलिए भी खास है, क्योंकि 1 फरवरी रविवार है। आमतौर पर बजट कार्यदिवसों में पेश किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद सरकार बजट पेश कर रही है। इससे पहले साल 2025 में भी बजट शनिवार के दिन पेश किया गया था।
समय की बात करें तो साल 2017 से बजट पेश करने का समय बदलकर शाम 5 बजे से सुबह 11 बजे कर दिया गया था और उसी परंपरा को इस बार भी निभाया जाएगा।
बजट 2026 की औपचारिक प्रक्रिया 28 जनवरी से शुरू हो चुकी है। इसके तहत 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey) पेश किया गया, जिसे देश की अर्थव्यवस्था का रिपोर्ट कार्ड माना जाता है। आर्थिक सर्वे आने वाले बजट की दिशा और प्राथमिकताओं का संकेत देता है। इसके बाद अब 1 फरवरी को वित्त मंत्री बजट का मुख्य भाषण देंगी।
बजट 2026 को लाइव कहां देखें?
बजट भाषण को आप कई प्लेटफॉर्म पर लाइव देख सकते हैं-
टीवी पर संसद टीवी, डीडी न्यूज़
ऑनलाइन सरकार की आधिकारिक वेबसाइट indiabudget.gov.in
यूट्यूब पर संसद टीवी और PIB के आधिकारिक चैनल
इसके अलावा सभी प्रमुख प्राइवेट न्यूज़ चैनल भी लाइव प्रसारण करेंगे
भाषण खत्म होते ही टैक्स, सरकारी खर्च और योजनाओं से जुड़ी पूरी जानकारी बजट वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
क्यों खास है बजट 2026?
यह मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा बड़ा बजट है
सरकार की आर्थिक नीतियों की निरंतरता को दर्शाता है
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में अहम माना जा रहा है
लगातार नौवीं बार बजट पेश करना अपने आप में ऐतिहासिक है
क्या होता है केंद्रीय बजट?
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 112 के तहत हर साल केंद्र सरकार बजट पेश करती है। यह सरकार के आने वाले वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल से शुरू) की आमदनी और खर्च का पूरा लेखा-जोखा होता है। सरल शब्दों में बजट तीन अहम सवालों का जवाब देता है—
- सरकार टैक्स कितना और किससे वसूलेगी
- विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर कितना खर्च होगा
- आने वाले साल में सरकार की नई नीतियां और योजनाएं क्या होंगी
अब देश की नजरें 1 फरवरी सुबह 11 बजे पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि बजट 2026 आम आदमी, उद्योग और अर्थव्यवस्था को क्या दिशा देता है।